'राष्ट्रीय मुद्दों पर एकता जरूरी, सुरक्षा मामलों पर न करें राजनीति', खड़गे का पीएम मोदी को संदेश
Mallikarjun Kharge News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से संयम बरतने और एकजुटता बनाए रखने की बात कही है। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि ऐसे समय में आत्मप्रशंसा वाले भाषण देना अनुचित है और इससे सेना के मनोबल पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।
खड़गे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "जब बात राष्ट्र की सुरक्षा की हो, तब सभी नेताओं को एकजुट रहना चाहिए। हमें अपने विरोधियों को हराने पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।"

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने यह भी कहा कि देशभर के नेताओं को ऐसे समय में चुप रहना चाहिए जब सीमा पर तनाव की स्थिति हो। पहले समझिए कि वास्तव में क्या हुआ है, फिर उस पर बोलिए। जल्दबाजी में दिए गए बयानों से भ्रम फैलता है और दुश्मन देश उसका फायदा उठा सकते हैं।
'चुनावी भाषण नहीं, जिम्मेदारी दिखाएं प्रधानमंत्री'
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तंज करते हुए कहा कि जब तक विदेश में गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक चुनावी प्रचार से बचा जाए। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री को ऐसे वक्त में खुद की तारीफ करने वाले भाषण देने से परहेज करना चाहिए।
पूरा देश हमारी सेना के साथ खड़ा है, लेकिन प्रधानमंत्री को भी यह दिखाना चाहिए कि वे राजनीतिक लाभ नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता दे रहे हैं।
संसद में भी चर्चा की मांग की
खड़गे ने यह सुझाव भी दिया कि भारत में भी संसद का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए ताकि सभी दल साथ बैठकर राष्ट्रीय सुरक्षा की स्थिति पर चर्चा कर सकें। "यह बेहद अहम समय है। हमने पहले भी कहा है कि संसद बुलाई जाए और वहां इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा हो। यहां तक कि पाकिस्तान ने भी संसद बुलाई और इस पर बात कर रहा है," उन्होंने कहा।
'कोई भी देशविरोधी बात नहीं करेगा'
कांग्रेस अध्यक्ष ने दोहराया कि उनकी पार्टी और देश का विपक्ष किसी भी सूरत में देश के खिलाफ बयानबाज़ी नहीं करेगा। "हम में से कोई भी राष्ट्र के खिलाफ नहीं बोलेगा। हम सब हमारे सशस्त्र बलों के साथ खड़े हैं। लेकिन इस एकता को दिखाने की जिम्मेदारी सबसे पहले सरकार और प्रधानमंत्री की है," उन्होंने कहा।
मल्लिकार्जुन खड़गे का यह बयान उस समय आया है जब भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति के चलते 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसे सैन्य अभियानों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाज़ी देखने को मिल रही है। कांग्रेस जहां सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रही है, वहीं भाजपा विपक्ष पर "राष्ट्रविरोधी" रुख अपनाने का आरोप लगा रही है।












Click it and Unblock the Notifications