कांग्रेस का वार, कहा- 'खुद ही कोरोना के स्ट्रेन को Indian Mutant कह रही मोदी सरकार'
नई दिल्ली, 30 मई: पूरी दुनिया कोरोना वायरस से परेशान है। वैक्सीन आने के बाद अब एक नई समस्या खड़ी हो गई, क्योंकि वायरस म्यूटेट होकर खुद को बदल रहा है। भारत में भी वायरस के कुछ अलग वेरिएंट देखने को मिले, जो पहले से ज्यादा संक्रामक हैं। भारत में पाए गए वेरिएंट का एक मामला हाल ही में पाकिस्तान में भी मिला, जिस पर वहां की मीडिया ने इसको 'भारतीय वेरिएंट' कहकर पुकारा। जिसके बाद से बीजेपी-कांग्रेस एक दूसरे पर वार कर रहे हैं।

पाकिस्तानी वेबसाइट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी जी आपको बधाई। आपका मिशन पूरा हो गया। इस पर अब कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ट्वीट कर लिखा कि पाकिस्तान-पाकिस्तान खेलना बंद करो और बाज आओ अपनी हरकतों से। ये भारत सरकार का माननीय सर्वोच्च न्यायालय में दायर हलफनामा है, जहां सरकार स्वयं इसे Indian Double Mutant Strain बता रही है। खेड़ा ने इसके साथ एक पीडीएफ फाइल भी अटैच की है।
सरकार जता रही आपत्ति
दरअसल देश की मीडिया और सोशल मीडिया पर कोरोना के नए वेरिएंट को 'भारतीय वेरिएंट' कहा जा रहा था। जिस पर भारत सरकार ने नाराजगी जताई। सरकार के मुताबिक WHO ने अपनी रिपोर्ट में कहीं पर भी ये नहीं कहा कि वायरस का नया वेरिएंट भारतीय है। ऐसे में कुछ लोग देश की छवि खराब करने के लिए ये अफवाह फैला रहे हैं। इसके अलावा सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को ऐसी पोस्ट हटाने को कहा था, जिस पर भारतीय वेरिएंट शब्द का इस्तेमाल हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications