सुशील कुमार शिंदे समेत तीन नेता बनाए गए कर्नाटक में पर्यवेक्षक, मुख्यमंत्री के नाम पर करेंगे चर्चा
Congress Karnataka observers: कर्नाटक में मुख्यमंत्री के चयन के लिए सुशील कुमार शिंदे, दीपक बावरिया और भंवर जितेंद्र सिंह को कांग्रेस ने पर्यवेक्षक बनाया है।

कर्नाटक में मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस ने तीन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। सुशील कुमार शिंदे, दीपक बावरिया और भंवर जितेंद्र सिंह को कर्नाटक में पर्यवेक्षक बनाया गया है। पर्यवेक्षक आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मौजूद रहेंगे और पार्टी आलाकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे।
केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर जानकारी दी
पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने सुशील कुमार शिंदे (पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र), जितेंद्र सिंह ( कांग्रेस महासचिव) और दीपक बाबरिया ( पूर्व कांग्रेस महासचिव) को कर्नाटक के सीएलपी नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया है।
मुख्यमंत्री के नाम पर दो से तीन दिन में फैसला
कांग्रेस नेता सैयद नसीर हुसैन ने कर्नाटक के अगले सीएम के बारे में पूछे जाने पर कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा 2-3 दिनों के भीतर की जाएगी और हम जल्द से जल्द कैबिनेट के गठन की तैयारी कर रहे हैं।
सीएलपी की बैठक शाम 5.30 बजे
सूत्रों के मुताबिक, आज कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में एक प्रस्ताव पारित होने की संभावना है और सभी विधायक सीएम की पसंद आलाकमान पर छोड़ देंगे. सीएलपी की बैठक आज शाम 5:30 बजे शुरू होने वाली है, और नवनिर्वाचितों को पहले ही बेनाग्लुरू आने का निर्देश दिया जा चुका है।
कर्नाटक में कांग्रेस को 136 सीटें मिलीं
बता दें कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। कांग्रेस को बहुमत से अधिक संख्या प्राप्त हो गई है। पार्टी को 136 सीटें मिली हैं। वहीं भाजपा को मात्र 65 सीट मिलने के बाद करारी हार मिली है। जबकि जेडीएस 19 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रही। आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। बैठक में मुख्यमंत्री उम्मीदवार पर चर्चा होगी। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के अलावा दो अन्य नामों पर भी चर्चा की जा रही है। इनमें एचके पाटिल और जी परमेश्वर के नाम शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications