कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: चिदंबरम, थरूर और सलमान को बनाया प्रवक्ता

विवाद में फंसने के बाद 2012 में प्रवक्ता पद से हटने वाले पार्टी के पूर्व प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को दोबारा प्रवक्ता नियुक्त किया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की बैठक में पार्टी नेताओं द्वारा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से रेखांकित न कर पाने के कारण बैठक के एक दिन बाद ही पार्टी प्रवक्ताओं की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया। पार्टी नेताओं का यह भी मानना है कि संप्रग सरकार द्वारा शुरू की गई जन कल्याण की योजनाओं का भी श्रेय प्राप्त करने में पार्टी असफल रही है।
पार्टी ने मंगलवार को इसके अलावा 24 मीडिया प्रभारियों की नियुक्ति भी की। इसके अलावा 30 अन्य प्रभारियों को राष्ट्रीय मीडिया में राज्यों से संबंधित मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखने के लिए नियुक्त किया गया। वरिष्ठ प्रवक्ताओं में केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम, सलमान खुर्शीद, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक शामिल हैं। प्रवक्ताओं में थरूर और सिंघवी के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, पी.सी. चाको, राज बब्बर, रणदीप सुरजेवाला, रीता बहुगुणा जोशी, संदीप दीक्षित, संजय झा, सत्यव्रत चतुर्वेदी, शकील अहमद, शक्ति सिंह गोहिल और शोभा ओझा शामिल हैं।
पार्टी में इससे पहले पांच प्रवक्ता होते थे। मीडिया प्रभारियों में सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी सहित केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह और संसदीय कार्य राज्यमंत्री राजीव शुक्ला भी शामिल हैं। अन्य मीडिया प्रभारियों में अखिलेश प्रताप सिंह, अनंत गाडगिल, अशोक तंवर, बालचंद्र मुंगेकर, बृजेश कालप्पा, चंदन यादव, सी.आर. केशवन, दीपक अमीन, दीपेंदर हुडा, कृष्णा बायरे गौड़ा, मीम अफजल, मिनाक्षी नटराजन, मुकेश नायक, नदीम जावेद, पी.एल. पुनिया, प्रेम चंद्र मिश्रा, प्रीयंका चतुर्वेदी, रागिनी नायक, राजीव गौड़ा और सलमान सोज तथा संजय निरूपम शामिल हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस विभिन्न मीडिया के जरिए लोगों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की इच्छुक है।












Click it and Unblock the Notifications