लोकसभा में बोले कांग्रेस सांसद- कश्मीर पर झूठ बोल रही सरकार, राजनाथ सिंह ने दिया जवाब
नई दिल्ली। बुधवार को कांग्रेस सांसद एस. कोडिकुन्निल ने लोकसभा में जम्मू कश्मीर के हालात को लेकर सरकार से सवाल किया। कोडिकुन्निल ने 5 अगस्त के बाद कश्मीर में पाबंदियों और वहां हाल के आतंकी हमलों को लेकर कहा कि सरकार झूठ बोल रही है, घाटी में स्थिति सामान्य नहीं है। लोकसभा में कोडिकुन्निल ने कहा, कश्मीर के कई हिस्सों में आतंकवादी हमले हुए हैं। जम्मू और कश्मीर स्थिति को सामान्य कैसे कह सकते हैं?

सरकार इस पर जवाब दे
केरल की मावेलीकारा लोकसभा सीट से सांसद एस. कोडिकुन्निल ने कहा कि कश्मीर में सब ठीक होने की बात कहकर सरकार देश की जनता और सदन को गुमराह कर रही है। सरकार इस पर जवाब दे।

राजनाथ सिंह ने दिया जवाब
सांसद एस. कोडिकुन्निल के कश्मीर पर सवाल का जवाब देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, सुरक्षा बल और पुलिस समन्वय के साथ वहां काम कर रहे हैं, जो आतंकी घटनाएं हुईं, उनमें उचित कार्रवाई हो रही है। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद आतंकवादी घटनाएं कश्मीर में शून्य के करीब हैं और तेजी से हालात सामान्य हो रहे हैं।

हंगामेदार रहा है मौजूदा सत्र
संसद का मौजूदा शीतकालीन सत्र 17 नवंबर से शुरू हुआ है। अभी तक ये सत्र हंगामेदार रहा है। कश्मीर, इलेक्टोरल बॉन्ड और महाराष्ट्र की सियासत के मामले पर संसद के दोनों सदनों में कई दफा हंगामा देखने को मिल चुका है। ये सत्र 13 दिसंबर तक चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications