कांग्रेसी सांसद ने स्पीकर से की शिकायत, कहा- बीजेपी MP ने मुझे जान से मारने की दी धमकी
नई दिल्ली। लोकसभा में शुक्रवार को कांग्रेस और भाजपा सांसदों के बीच का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के सांसद मणिक्कम टैगोर का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने किसी पर हमला नहीं किया। जबकि बीजेपी मणिक्कम टैगोर पर धक्का-मुक्की का आरोप लगा रही है। अब इस मामले पर मणिक्कम टैगोर ने बयान जारी किया है। टैगोर ने कहा कि, बीजेपी द्वारा लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। उन्होंने कहा कि, भाजपा सांसद बृजभूषण शरण ने उन्हें आज सदन में जान से मारने की धमकी दी है।

धक्का-मुक्की के आरोपों के बाद कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज करायी है। टैगोर ने लिखा कि, मैं आपके ध्यान में लाना चाहता हूं कि आज लोकसभा में एक बेहद ही चौंकाने वाली घटना हुई। मेरे नेता राहुल गांधी के लिए आज बोलने के लिए समय तय किया था। राहुल गांधी ने एक सवाल पूछा था जो केरल के वायनाड के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ था। लेकिन इसका जवाब केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को देना था, लेकिन जवाब देने की जगह हर्षवर्धन दिल्ली के चुनाव को लेकर बातचीत करने लगे,जिसका हमने विरोध किया था।
टैगोर ने कहा कि, जिनका उनके सवालों से कोई लेना-देना नहीं था। इसके बाद में कांग्रेस का सांसद होने के नाते हाउस के वेल में गया और उन्हें ऐसा करने से मना किया। लेकिन रूलिग पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने धक्का दिया और मारने की धमकी दी। वहां पर ही एक महिला सांसद उन्हें उकसा रही थीं। मेरा निवेदन है कि, सीसीटीवी फुटेज का जांच की जाए और मेरे साथ धक्का-मुक्की करने वालों के खिलाफ एक्शन लिया जाए।
सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अधीर रंजन चौधरी लोकसभा स्पीकर से मिले और शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूसरी ओर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी ओम बिड़ला से मुलाकात की और कांग्रेस सांसदों पर आरोप लगाया।












Click it and Unblock the Notifications