छह बार के विधायक ने ऐन चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ी, अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में जाएंगे
, अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में जाएंगे
बेंगलुरू। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक मलिकय्या वेंकय्या गुट्टेदार ने गुरुवार को कर्नाटक में 12 मई के होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी पार्टी छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। राज्य की अफजलपुर सीट से छह बार विधायक और पूर्व मंत्री गुट्टेदार, पार्टी और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से खुश नहीं थे। उन्हें मौजूदा सरकार में मंत्री पद नहीं दिया गया था।

मुख्यमंत्री से बात की थी
गुरुवार को राज्य भाजपा अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा से मिले गुट्टेदर ने कहा कि उन्होंने निर्णय लेने से पहले फोन पर मुख्यमंत्री से बात की थी। गुट्टेदार ने यहां संवाददाताओं से कहा कौन सी पार्टी में शामिल होऊं इस पर भ्रम था मैंने येदियुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।

'बिना शर्त' शामिल
उन्होंने कहा कि वे 30 मार्च और 31 मार्च को मैसूर के दौरे के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होंगे। गुट्टेदर ने कहा कि उनके कई समर्थक भाजपा में भी शामिल होंगे। गुट्टेदार ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार येदियुरप्पा के नेतृत्व को मजबूत करने के लिए भाजपा में 'बिना शर्त' शामिल हो गए हैं।

भाजपा ने ताकत झोंकनी शुरू कर दी
बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को मतदान होगा जबकि 15 मई को वोटों की गिनती होगी। कर्नाटक में फिलहाल कांग्रेस की सरकार है और इस सरकार की अगुआई सिद्धारमैया कर रहे हैं। दक्षिण भारत के चारों राज्यों से गायब हो चुकी भाजपा ने कर्नाटक को जीतने के लिए अभी से पूरी तरह ताकत झोंकनी शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications