अनुच्छेद 370 पर बंटी कांग्रेस, कई नेताओं ने किया मोदी सरकार के फैसले का समर्थन
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35A हटाने और राज्य पुनर्गठन बिल का सोमवार को कई क्षेत्रीय दलों ने उसका समर्थन किया। इस दौरान सदन में कांग्रेस काफी अलग-थलग नजर आई। यहीं नहीं जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता दो धड़ों में बंटे नजर आ रहे हैं। सीनियर कांग्रेसी जनार्दन द्विवेदी दीपेंद्र हुड्डा और मिलिंद देवड़ा समेत कई नेताओं ने अनुच्छेद 370 को हटाने का समर्थन किया है।

जनार्दन द्विवेदी ने मोदी सरकार के फैसले का किया स्वागत
कुछ नेता पार्टी के विरोध के रुख से सहमत हैं तो कुछ इसके विरोध की वजह से राजनीतिक नुकसान की आशंका जता रहे हैं। सोनिया गांधी के करीबी माने जाने वाले जनार्दन द्विवेदी ने कहा कि मेरे राजनीतिक गुरु राम मनोहर लोहिया शुरू से ही अनुच्छेद 370 का विरोध करते थे। हम लोग छात्र आंदोलन में इसका विरोध किया करते थे। जहां तक मेरा व्यक्तिगत विचार है तो उसके हिसाब से यह एक राष्ट्रीय संतोष की बात है। उन्होंने अपने बयान को पूरी तरह निजी टिप्पणी करार देते हुए कहा कि मुझे भरोसा है कि मंगलवार को ये प्रस्ताव और बिल लोकसभा से भी पारित हो जाएंगे।
21वीं सदी में अनुच्छेद 370 का औचित्य नहीं : हुड्डा
दीपेंद्र हुड्डा ने ट्वीट कर लिखा, 'मेरी व्यक्तिगत राय रही है कि 21वीं सदी में अनुच्छेद 370 का औचित्य नहीं है और इसको हटना चाहिए। ऐसा सिर्फ देश की अखंडता के लिए ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर जो हमारे देश का अभिन्न अंग है, के हित में भी है। अब सरकार की यह जिम्मेदारी है कि इसका क्रियान्वयन शांति और विश्वास के वातावरण में हो। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने अपना यह ट्वीट हटा लिया। अपने इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक अखबार की पुरानी खबर भी ट्वीट की थी, जिसमें उनके हवाले से 370 हटाने की वकालत की गई थी।
वैचारिक मतभेदों को किनारे कर भारत की संप्रभुता के लिहाज से सोचना चाहिए
वहीं मिलिंद देवड़ा ने ट्वीट कर कहा कि दुर्भाग्य से आर्टिकल 370 के मसले को लिबरल और कट्टर की बहस में उलझाया जा रहा है। पार्टियों को अपने वैचारिक मतभेदों को किनारे कर भारत की संप्रभुता, कश्मीर शांति, युवाओं को रोजगार और कश्मीरी पंडितों के लिए न्याय के लिहाज से सोचना चाहिए। उधर रायबरेली से विधायक अदिति सिंह ने भी पार्टी के रुख से इतर अपनी राय रखी है। ट्विटर पर अदिति सिंह ने हैशटैग आर्टिकल 370 के साथ 'युनाइटेड वी स्टैंड, जय हिंद' लिखा। इस पर एक ट्विटर यूजर ने उनसे सवाल दागा कि आप तो कांग्रेसी हैं, जिसके जवाब में उन्होंने लिखा, 'मैं एक हिंदुस्तानी हूं'।












Click it and Unblock the Notifications