भारत की तुलना पड़ोसी देश से: उदित राज की राय कार्ति से जरा हटके, बोले- पाकिस्तान फेल लोकतंत्र लेकिन......
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान फिर से गिरफ्तार हुए हैं। उनको भ्रष्टाचार के एक मामले में सजा हुई। इसको लेकर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम ने एक बयान दिया, जिससे देश की राजनीति गर्मा गई है। अब इसी मामले में कांग्रेस के ही नेता उदित राज की प्रतिक्रिया सामने आई है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उदित राज ने कहा कि मैं तुलना नहीं कर रहा हूं। पाकिस्तान एक विफल लोकतंत्र है, जो आईएसआई द्वारा नियंत्रित है, लेकिन एक तरह से हम कह सकते हैं कि हम भी पाकिस्तान मॉडल फॉलो कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स खेल रहे हैं। पाकिस्तान में जो भूमिका आईएसआई निभा रही, वो भारत में ईडी निभा रही, वो है राजनीति को नियंत्रित करना। ईडी के डर से कई नेता बीजेपी में शामिल हो जाते हैं। जो लोग ईडी के मामलों में शामिल हैं, वे बीजेपी में शामिल हो जाते हैं और फिर उनके मामले रोक दिए जाते हैं।
उदित राज ने आगे कहा कि आईएसआई के मामले में आप देखिए, वो जिसे चाहते हैं, उसे सत्ता में रहने देते हैं, जिसे चाहते हैं सत्ता से बाहर कर देते हैं। मुझे लगता है कि जैसे आईएसआई वहां की राजनीति को प्रभावित करती है, वैसे ही ईडी/सीबीआई/आयकर भारत की राजनीति को प्रभावित करते हैं।
क्या था कार्ति चिदंबरम का बयान?
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद कार्ति ने ट्वीट कर लिखा कि पाकिस्तान भी प्रमुख विपक्षी नेताओं को चुनाव नहीं लड़ने देना चाहता है, वो भारत के मॉडल को फॉलो कर रहा है।
राहुल की सजा से की थी तुलना
वैसे कार्ति से किसी नेता का नाम नहीं लिखा, लेकिन उनका इशारा राहुल गांधी की ओर था। जिनको सूरत की कोर्ट ने आपराधिक मानहानि के मामले में दोषी करार दिया था। उसके बाद उनकी सांसदी चली गई। हालांकि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने राहुल की सजा पर रोक लगा दी।












Click it and Unblock the Notifications