पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने दी भारत में 'बांग्लादेश जैसे हालात' बनने की चेतावनी, भड़की BJP ने क्या कहा?
Salman Khurshid on Bangladesh Row: भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंसा और आक्रोश का माहौल बरकरार है। पड़ोस में भड़क रही आग की लपटें भारत तक भी पहुंच रहीं हैं। इसी बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद का एक बड़ा बयान सामने आया है। उनका कहना है कि बांग्लादेश जैसे हालत हमारे देश में भी हो सकते हैं।
सलमान खुर्शीद के इस बयान के बात राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने खुर्शीद के बयान पर रिएक्ट करते हुए कहा कि ऐसे वक्त में राजनीति नहीं करनी चाहिए। जबकि सलमान खुर्शीद ने मीडिया के सामने एक बार फिर से अपने बयान को दोहराते हुए कहा कि वो जो भी कहते हैं पब्लिक्ली कहते हैं, अकेले में वो कुछ नहीं कहते।

बांग्लादेश में फैली हिंसा के बीच भारत के बारे में क्या कहा सलमान खुर्शीद ने?
एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में बोलते हुए, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "कश्मीर में सब कुछ सामान्य दिख सकता है। यहां सब कुछ सामान्य दिख सकता है। हम जीत का जश्न मना सकते हैं, हालांकि कुछ लोग मानते हैं कि 2024 में जीत या सफलता शायद केवल मामूली थी, और बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। तथ्य यह है कि सतह के नीचे कुछ है।"
उन्होंने आगे कहा, "बांग्लादेश में जो हो रहा है वह यहां भी हो सकता है... हमारे देश में फैलाव चीजों को उस तरह से फटने से रोकता है जैसे बांग्लादेश में हुआ।"
खुर्शीद ने इस बात का भी जिक्र किया कि दक्षिण-पूर्व दिल्ली के शाहीन बाग में महिलाओं द्वारा नेतृत्व किए गए सीएए-एनआरसी विरोध प्रदर्शन, जो लगभग 100 दिनों तक चले, ने देश भर में इसी तरह के प्रदर्शनों को प्रेरित किया। उन्होंने इसे एक असफल आंदोलन कहा क्योंकि कई प्रतिभागी अभी भी जेल में हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में शाहीन बाग जैसा कोई और आंदोलन नहीं हो सकता।
खुर्शीद ने कहा, "क्या आपको बुरा लगेगा अगर मैं कहूं कि शाहीन बाग असफल रहा? हममें से कई लोग मानते हैं कि शाहीन बाग सफल हुआ। लेकिन मुझे पता है कि शाहीन बाग से जुड़े लोगों के साथ क्या हो रहा है। उनमें से कितने अभी भी जेल में हैं? कितने जमानत नहीं पा सकते? कितनों को इस देश का दुश्मन करार दिया जा रहा है?"
उन्होंने आगे कहा, "अगर मैं खुद से पूछूं कि क्या शाहीन बाग की पुनरावृत्ति होगी, तो मुझे यकीन नहीं है कि ऐसा होगा क्योंकि लोगों ने वास्तव में बहुत कष्ट सहे हैं।"
बीजेपी का रिएक्शन
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बयान पर बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, ''कांग्रेस पार्टी का कहना है कि जहां तक बांग्लादेश का सवाल है तो वह भारत सरकार के साथ खड़ी है क्योंकि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। इस पर कोई राजनीति नहीं की जानी चाहिए। लेकिन सलमान खुर्शीद जैसे नेता भारत के लोगों को यह कहकर भड़काने की कोशिश करते हैं कि जो हिंसा वहां हुई, वह भारत में भी हो सकती है कांग्रेस पार्टी द्वारा "राष्ट्रनीति" के स्थान पर "राजनीति" रखने का उदाहरण है..."
बंगलादेश के हालात
बांग्लादेश एक अस्थिर राजनीतिक स्थिति का सामना कर रहा है, जिसमें शेख हसीना ने बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीच 5 अगस्त को अपना इस्तीफा दे दिया। ये विरोध प्रदर्शन मुख्य रूप से छात्रों द्वारा सरकारी नौकरियों के लिए कोटा प्रणाली को समाप्त करने की मांग करते हुए शुरू हुए थे, जो अब व्यापक सरकार विरोधी प्रदर्शनों में बदल गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications