संसद में पत्रकारों ने राहुल से पूछा सिंधिया पर सवाल, जानिए क्या जवाब दिया
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जिसके बाद मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार संकट में आ गई है। उनके इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस बीच पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और नेता राहुल गांधी से जब इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। इसका वीडियो समाचार एजेंसी एएनआई ने शेयर किया है।
Recommended Video

राहुल गांधी ने ट्वीट भी किया
मामले में राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा,'जब आप एक निर्वाचित कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने में व्यस्त थे, तब आप वैश्विक तेल की कीमतों में 35 फीसदी की गिरावट पर ध्यान देने से चूक गए। क्या आप पेट्रोल की कीमतों को 60 रुपये प्रति लीटर से कम करके भारतीयों को लाभ पहुंचा सकते हैं?

भाजपा में हो सकते हैं शामिल
कमलनाथ सरकार अल्पमत में नजर आ रही है। इस बीच ये भी कहा जा रहा है कि ज्योतिरादित्य आज दोपहर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। दिल्ली से लेकर भोपाल तक बैठकों का दौर चल रहा है और हर किसी की नजर इसपर है क्या कमलनाथ अपनी सरकार बचा पाएंगे। कभी राहुल गांधी के करीबी रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने होली के मौके पर पार्टी से इस्तीफा देकर हर किसी को हैरान कर दिया।
क्यों छोड़ी पार्टी?
अपने इस्तीफे में उन्होंने बीते साल के हालातों का जिक्र किया और उसे ही मुख्य कारण बताया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी मुलाकात की। पहले खबर थी कि वो मंगलवार शाम को ही भाजपा में शामिल होंगे, लेकिन अब कहा जा रहा है कि वह बुधवार को शामिल होंगे।

कमलनाथ ने क्या दावा किया?
जहां राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ दावा कर रहे हैं कि वह अभी भी बहुमत हासिल कर लेंगे। इस बीच बचे हुए जो विधायक हैं, उन्हें जयपुर लाया जा रहा है। विधायकों के इस्तीफे के बाद विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा भी गिरकर 104 पहुंच गया है। 22 इस्तीफों के बाद कांग्रेस की संख्या 114 से 92 हो गई है। वहीं मंगलवार शाम को हुई कमलनाथ की बैठक में भी 92 के बजाय 88 विधायक ही पहुंचे। फिलहाल सपा-बसपा और निर्दलीयों की मदद से कांग्रेस के पास 99 विधायकों का समर्थन हासिल है।












Click it and Unblock the Notifications