Video: कहां हैं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा? वीडियो ने खोल दिया राज, हिमंता-पासपोर्ट केस में पीछे पड़ी है पुलिस
कांग्रेस के दिग्गज नेता पवन खेड़ा इस समय मुश्किलों में घिरे नजर आ रहे हैं। हैदराबाद से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह मीडिया के कैमरों को देखते ही अपनी कार की पिछली सीट पर नीचे की ओर झुकते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए पवन खेड़ा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो नेता खुद को 'बब्बर शेर' बताते थे, वे आज पुलिस के डर से 'भीगी बिल्ली' की तरह छिप रहे हैं।

पूनावाला ने लिखा, 'बब्बर शेर तो बिल्कुल नहीं, बल्कि एक भीगी बिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा कैमरों से बचते हुए दिखे। उन्हें हैदराबाद में देखा गया। उन्हें कार के अंदर झुकते हुए देखा जा सकता है ताकि कोई उन्हें देख न पाए। शायद उन्हें भी एहसास हो गया है कि उन्होंने असम और उसके CM हिमंत बिस्वा सरमा को निशाना बनाने के लिए नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था।
पूनावाला ने पूछा
- पवन कानून से क्यों बच रहे हैं?
- क्या यह इस बात का सबूत नहीं है कि उनके सभी दस्तावेज जाली और नकली हैं?
- क्या यह सब राहुल गांधी और पाकिस्तान के इशारे पर किया गया था?
- असम के बेटे हिमंता के खिलाफ इस रणनीतिक राजनीतिक सुपारी और 'हिट जॉब' के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है?
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पवन खेड़ा की मुश्किलें असम पुलिस द्वारा दर्ज की गई एक एफआईआर (FIR) के बाद बढ़ी हैं। उन पर जालसाजी और मानहानि जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यह मामला असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी, रिनिकी भुइयां सरमा की शिकायत पर दर्ज हुआ है।
पवन खेड़ा पर क्या है आरोप
आरोप है कि खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज पेश किए थे, जिसका उद्देश्य मुख्यमंत्री और उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाना था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही असम पुलिस की एक टीम उनकी तलाश कर रही थी। जब पुलिस उनके घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिले, जिसके बाद से उनके 'अंडरग्राउंड' होने की खबरें चर्चा में थीं।
हैदराबाद में लोकेशन ट्रैक
लंबे समय से पुलिस खेड़ा की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश कर रही थी। अब हैदराबाद में उनके देखे जाने और कैमरे से बचने की कोशिश करने वाले वीडियो ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। बीजेपी का दावा है कि कानून की कार्रवाई से बचने के लिए कांग्रेस नेता छिपते फिर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications