रायपुर अधिवेशन में जा रहे पवन खेड़ा को प्लेन से उतारा गया, दिल्ली एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं का हंगामा
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान में चढ़ने से रोक दिया गया। कांग्रेस के कई नेता विमान से रायपुर जा रहे थे, इसी दौरान पवन खेड़ा को नीचे उतार दिया गया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा को दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान से बाहर कर दिया गया। पवन खेड़ा पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मिलकर रायपुर अधिवेशन में हिस्सा लेने जाने वाले थे, लेकिन विमान के उड़ान से पहले ही उन्हें बाहर कर दिया गया। जिसके बाद कांग्रेस समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। पवन खेड़ा के समर्थकों ने इस घटना के बाद भाजपा हाय-हाय का नारा लगाना शुरू कर दिया। एयरपोर्ट पर हुई इस घटना का वीडियो सामने आया है। इसमे कांग्रेस नेता सुप्रीया श्रीनेत, रंणदीप सिंह सुरजेवाला, केसी वेणुगोपाल नजर आ रहे हैं। बता दें कि हाल ही में पवन खेड़ा पीएम मोदी के गलत नाम को लेकर विवादों में आए थे। उन्होंने पीएम मोदी को नरेंद्र गौतमदास मोदी कहकर संबोधित किया था। गौतम अडानी के मुद्दे पर घेरते हुए पवन खेड़ा ने यह बयान दिया था।
घटना के बाद सुप्रिया श्रीनेत ने ट्विटर इसकी जानकारी देते हुए कहा हम सभी इंडिगो की फ्लाइट 6E 204 से रायपुर जा रहे थे, तभी अचानक से पवन खेड़ा को विमान से उतार दिया गया। आखिर किस तरह की हरकत है यह। क्या कानून का कोई राज है। आखिर किस आधार पर, किस आदेश पर यह किया गया। कांग्रेस की ओर से भी ट्वीट करके इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया है। कांग्रेस की ओर से ट्वीट करके लिखा, आज इंडिगो की फ्लाइट 6E-204 से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिल्ली से रायपुर जा रहे थे। सभी फ्लाइट में बैठ चुके थे, उसी वक्त हमारे नेता पवन खेड़ा जी को फ्लाइट से उतरने को कहा गया। ये तानाशाही रवैया है। तानाशाह ने अधिवेशन से पहले ED के छापे मरवाए और अब इस तरह की हरकत पर उतर आया।
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि हम सभी रायपुर जा रहे थे, जब हम सभी जाने को तैयार थे, पवन खेड़ा जी से कहा गया कि आप विमान से नीचे उतर जाइए। उनसे कहा गया कि लगेज आपस में मिल गए हैं, लेकिन उनके पास तो कोई लगेज ही नहीं है। जब वह विमान से नीचे उतरे, उन्हें बताया गया कि उन्हें विमान से उतार दिया गया है, उन्हें सीआईएसएफ की ओर से नोटिस दिया जाएगा। जबतक यह विमान पवन खेड़ा जी के साथ हम सबको साथ लेकर नहीं जाता है, हम यहीं रहेंगे, इस तरह की तानाशाही को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications