कांग्रेस के दिग्गज नेता और सांसद ऑस्कर फर्नांडीस का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख
नई दिल्ली, 13 सितंबर: कांग्रेस के दिग्गज नेता ऑस्कर फर्नांडीस का सोमवार को निधन हो गया। वो 80 साल के थे। इसी साल जुलाई में उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर कई बड़ी हस्तियों ने दुख व्यक्त किया है। पीएम ने ट्वीट कर लिखा कि राज्यसभा के सदस्य फर्नांडीस जी के निधन से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक जुलाई में योगा करते वक्त फर्नांडीस का पैर फिसल गया था। जिसमें उनके सिर में चोट लगी। शुरुआत में उन्होंने चोट को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन जब वे नियमित डायलिसिस के लिए अस्पताल गए, तो डॉक्टरों को पता चला कि उनके मस्तिष्क के अंदरुनी हिस्से में चोट का असर पड़ा है। जिसके बाद उनको ICU में भर्ती किया गया। इसके बाद से उनकी हालत बिगड़ती चली गई और उन्होंने सोमवार को अंतिम सांस ली। परिजनों के मुताबिक येनपोया अस्पताल में उनके मस्तिष्क की सर्जरी हुई थी, लेकिन वो पहले जैसे एक्टिव नहीं हो पाए थे।
कांग्रेस नेतृत्व ने कही ये बात
वहीं कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि ऑस्कर फर्नांडीस जी के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है, उनके परिवार के प्रति हमारी संवेदना है। समावेशी भारत के लिए उनके दृष्टिकोण का हमारे समय की राजनीति पर बहुत बड़ा प्रभाव था। कांग्रेस परिवार को उनके मार्गदर्शन की कमी खलेगी।
ऐसा रहा सफर
फर्नांडीस का जन्म 27 मार्च, 1941 को हुआ था। उनके पिता कर्नाटक के उडुपी जिले के एक स्कूल में हेडमास्टर थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने LIC में जॉब शुरू की, लेकिन बाद में वो बिजनेस करने लगे। उनका राजनीतिक करियर भी बहुत शानदार रहा। यूपीए सरकार में उन्हें परिवहन, सड़क, राजमार्ग और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली थी। मौजूदा वक्त में वो राज्यसभा के सदस्य थे। उन्हें सोनिया गांधी के करीबियों में से एक माना जाता था।












Click it and Unblock the Notifications