आनंद शर्मा बोले- अफगानिस्तान दौरे से लाहौर क्यों गए थे पीएम मोदी, देश जानना चाहता है
आनंद शर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के पांच बार दौरे पर जा चुके हैं। इस बार जब वो अमेरिका गए तो 26 जून को वाशिंगटन में सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर बड़ा बयान दिया।
नई दिल्ली। विदेश नीति को लेकर राज्यसभा में चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने मोदी सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि चीन हो या पाकिस्तान या फिर नेपाल, सभी पड़ोसियों के साथ संबंध को लेकर उन्होंने मोदी सरकार की आलोचना की। आनंद शर्मा ने पीएम मोदी के विदेश दौरों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अब तक प्रधानमंत्री मोदी ने 65 विदेश दौरे किए हैं लेकिन इन दौरों के दौरान उन्हें क्या हासिल हुआ, क्या बातें हुई ये आज तक नहीं बताया।

'पीएम का एक प्रोटोकॉल होता है'
आनंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का एक प्रोटोकॉल होता है लेकिन प्रधानमंत्री जिस तरह से अफगानिस्तान के दौरे के दौरान लाहौर पहुंच गए और रावलपिंडी चले गए, ये बेहद चौंकाने वाला था। ये बेहद नाटकीय था, इस पर आपत्ति इसलिए है क्योंकि पाकिस्तान में उन्हें कोई सलामी नहीं मिली। पाकिस्तान पहुंचने पर प्रधानमंत्री के लिए प्रोटोकॉल होता है, लेकिन ऐसा कुछ भी नजर नहीं आया।

आनंद शर्मा ने पीएम मोदी के विदेश दौरे पर उठाए सवाल
आनंद शर्मा ने आगे कहा कि भले ही प्रधानमंत्री मोदी लाहौर गए हों वहां उनके बीच क्या बातें हुई उन्होंने किसी को नहीं बताया। इसके बदले में हासिल क्या हुआ पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमला। पठानकोट ही नहीं इसके बाद ऊधमपुर, नगरोटा, उरी सेक्टर में हमला हुआ। ये हमले रुके नहीं।
आनंद शर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के पांच बार दौरे पर जा चुके हैं। इस बार जब वो अमेरिका गए तो 26 जून को वाशिंगटन में सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया ने हमारा लोहा माना है। आनंद शर्मा ने कहा कि अगर पूरी दुनिया में लोहा माना है तो हमारा पड़ोसी इस बात को क्यों नहीं मान रहा है?

हमने गंभीर विपक्ष की भूमिका निभाई: आनंद शर्मा
आनंद शर्मा ने कहा कि हम ऐसे बयान नहीं देते हैं जैसे पीएम मनमोहन सिंह के समय में आज के प्रधानमंत्री की ओर से दिए गए। उस समय उन्होंने हमारे जवानों के सिर काटे जाने पर मनमोहन सिंह सरकार पर निशाना साधा था लेकिन अब जबकि वैसी ही घटनाएं मोदी सरकार में हुई तो हमने एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाते हुए ऐसी कोई बात नहीं की।

पीएम मोदी को कैमरे की चिंता: आनंद शर्मा
आनंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान प्रोटोकॉल के तहत प्लेन की लैंडिंग के दौरान राजनयिक पीएम को रिसीव करते हैं, लेकिन पीएम मोदी को कैमरे की चिंता होती है इसीलिए अधिकारियों को पहले ऊपर जाकर उन्हें रिसीव करने की इजाजत नहीं दी गई है। आनंद शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी विदेश दौरों के दौरान नेताओं से झप्पी डाल कर मिलते हैं। इस सबका फायदा तब है जब कुछ हासिल हो।

चीन को लेकर क्या है मोदी सरकार की नीति
आनंद शर्मा ने चीन का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री मोदी की चीन के राष्ट्रपति से शी जिनपिंग से बात हुई, लेकिन उन्होंने नहीं बताया कि क्या बात हुई है? देश ये जानना चाहता है। आनंद शर्मा ने कहा कि आखिर चीन को लेकर भारत की नीति क्या है? पाकिस्तान को लेकर सरकार की नीति क्या है? पूरे देश को ये जानने का हक है। आखिर पाकिस्तान को लेकर सरकार की नीति बदलती क्यों रहती है।












Click it and Unblock the Notifications