राफेल डील: कांग्रेस बोली, गलत जानकारी देकर कोर्ट को दोषी बता रही है सरकार
नई दिल्ली। राफेल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में केंद्र के हलफनामे पर बोलते हुए कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि अब सरकार द्वारा जो कहा जा रहा है वह वास्तव में कोर्ट के सामने एक सीलबंद लिफाफे में रखे गए बिंदुओं की गलत व्याख्या के लिए कोर्ट को ही दोषी ठहरा रहा है। सिब्बल ने कहा कि, फैसले में तथात्मक गलती है, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार है, ना कि अदालत। अगर आप अदालत को गलत तथ्य देंगे और उस आधार पर अदालत तथ्यात्मक दावे करती है, तो इस मामले में सरकार जिम्मेदार है।

कपिल सिब्बल ने कहा कि, उन्हें यह कहना चाहिए कि सीएजी के साथ मूल्य निर्धारण विवरण साझा किए गए हैं, मामला अभी तक पीएसी में नहीं लाया गया है। उन्होंने जो कहा सुप्रीम कोर्ट ने उस पर भरोसा किया और एक आदेश दिया। अब वे भी शर्मिंदा हैं और कोर्ट भी। यह केवल निर्णय का हिस्सा नहीं है बल्कि तथ्यात्मक तौर पर गलत है। उन्होंने कहा, हमें महान्यायवादी को पीएसी में तलब करना चाहिए और उनसे पूछना चाहिए कि क्यों इस प्रकार के दावे अदालत के समक्ष किए गए और क्यों ऐसे हलफनामे पेश किए गए, जो सच्चाई नहीं दर्शाते हैं।
सिब्बल ने भाजपा के प्रमुख नेताओं द्वारा फैसले को मोदी सरकार के लिए क्लीन चिट बताने और कांग्रेस पर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाने वाले बयानों के संदर्भ में कहा, यह बचकानी बात है कि सरकार और भाजपा जीत का दावा कर रही है।
सिब्बल ने कहा है कि ये एक गंभीर मामला है, पीएसी को अटॉर्नी जनरल को तलब करना चाहिए और इसको लेकर सवाल करना चाहिए कि कोर्ट में क्यों गलत जानकारी दी गई, इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। सिब्बल ने अमित शाह के उस बयान पर भी चुटकी ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस को ढूंढ़ने के लिए टैलीस्कोप की जरूरत पड़ेगी। सिब्बल ने कहा कि मैं शाह को एक टैलीस्कोप गिफ्ट करूंगा ताकि वो विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा को ढूंढ सके।












Click it and Unblock the Notifications