'...कांग्रेस का हाथ खालिस्तानियों के साथ', अमृतपाल को लेकर चन्नी के बयान पर बवाल, BJP ने उठाए सवाल
संसद में अमृतपाल को लेकर पंजाब के पूर्व सीएम व कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बयान के बाद बवाल मचा हुआ है। बीजेपी नेताओं ने चन्नी के बयान के लिए उनकी जमकर खिंचाई की। उन्होंने आरोप लगाया की कांग्रेस राष्ट्र विरोधी ताकतों का साथ दे रही है। बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने चन्नी को कांग्रेस से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री देशद्रोही की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने अमृतपाल के समर्थन में बयान देकर सदन के माध्यम से पूरे देश को गुमराह करने का प्रयास किया है। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस खालिस्तानियों के साथ मिली हुई है।
कांग्रेस समेत कई विपक्षी अपने- अपने तरीके से केंद्रीय बजट 2024 का विश्लेषण कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने बजट को लेकर युवाओं, किसानों और महंगाई को लेकर एक बार फिर से एनडीए सरकार पर सवाल उठाए। इस बीच बजट पर बोलते हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने एक ऐसा बयान दिया, जिस पर बीजेपी ने पूरे कांग्रेस की जमकर खिंचाई की।

दरअसल, बजट पर बहस के दौरान बोलते हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने दावा किया कि बीजेपी सरकार ने देश में अघोषित आपातकाल लगा दिया है। सदन में उन्होंने कहा, ''वे (भाजपा) हर दिन आपातकाल के बारे में बात करते हैं। लेकिन आज देश में अघोषित आपातकाल के बारे में क्या?...यह भी आपातकाल है कि एक व्यक्ति जिसे पंजाब में 20 लाख लोगों ने सांसद के रूप में चुना था, वह जेल में है। वह अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की बाते सुनने में असमर्थ हैं, यह भी एक आपातकाल है।"
चन्नी के इस बयान पर बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "चरणजीत सिंह चन्नी आतंकवादियों के समर्थन में बोल रहे हैं और कनाडा में कुछ राष्ट्र-विरोधी तत्वों के निर्देश पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस को उन्हें निष्कासित कर देना चाहिए. अगर कांग्रेस उनके खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहती है, तो इसका मतलब है कि वे भी ऐसे राष्ट्र-विरोधी लोगों से जुड़े हुए हैं।"
वहीं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "यह मामला अदालत में है। उनके (अमृतपाल सिंह) खिलाफ गंभीर आरोप हैं। संसद में इस बारे में बात करना सही नहीं है। यह लोगों के सामने है कि कांग्रेस ने क्या किया है। वह (चरणजीत सिंह चन्नी) आपातकाल के दौरान वहां नहीं थे।" , इसलिए उन्हें नहीं पता था कि तब क्या स्थिति थी।"
जबकि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर खालिस्तान समर्थक तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "चन्नी के बयान पर मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि इंदिरा गांधी का हत्यारा खालिस्तानी था और कांग्रेस खालिस्तानियों का समर्थन कर रही है ...कांग्रेस का हाथ , खालिस्तानियों के साथ...वाह रे कांग्रेस, जय चन्नी। यह भारत की संप्रभुता पर हमला है। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।"
चन्नी के बयान से कांग्रेस ने किया किनारा
वहीं कांग्रेस ने सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बयान से किनारा कर लिया है। कांग्रेस पर लग रहे आरोपों के बीच पार्टी के महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट कर इसको लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "अमृतपाल सिंह पर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके अपने हैं, और किसी भी तरह से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थिति को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications