पांचों राज्यों में हार के बाद कांग्रेस नेतृत्व में होगा बदलाव? अगले 2 दिन में जी-23 नेताओं की हो सकती है बैठक
नई दिल्ली, मार्च 10। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा है। पांच में से एक भी राज्य में कांग्रेस को जीत नहीं मिली है। यहां तक कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी, वो भी अब हाथ से चला गया है। इस शर्मनाक हार को लेकर कांग्रेस के अंदर आने वाले दिनों में बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया है कि पांच राज्यों के चुनाव में हुई हार को लेकर जी-23 के नेता अगले 48 घंटों के अंदर एक अहम बैठक बुला सकते हैं, जिसमें इस हार पर चर्चा होगी।

4 राज्यों में दूसरे स्थान पर रही कांग्रेस
इस बैठक में खासकर पंजाब में हुई हार को लेकर चर्चा होगी, क्योंकि पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी, कम से कम वहां पर सत्ता में वापसी का दबाव कांग्रेस पार्टी पर था। हालांकि कांग्रेस गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर को लेकर भी बहुत उम्मीदें लगाकर बैठी थी, लेकिन इन राज्यों में भी पार्टी दूसरे नंबर की पार्टी बनकर रह गई है। एकबार फिर कांग्रेस पार्टी अपने पतन की ओर बढ़ रही है। अब सिर्फ दो राज्यों राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है।
पांचों राज्यों में हुई हार को लेकर राहुल गांधी ने भले ही जिम्मेदारी ले ली हो, लेकिन कांग्रेस के नेता भी जानते हैं कि सिर्फ जिम्मेदारी लेने से कुछ नहीं होगा। इस वक्त पार्टी के पुनरूद्धार के लिए नेतृत्व में बदलाव की बहुत जरूरत है।
क्या है जी-23
आपको बता दें कि जी-23 कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का ऐसा संगठन है, जो लंबे समय से नेतृत्व बदलने की मांग कर रहा है। अगस्त 2020 में कांग्रेस के 23 वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस में व्यापक बदलाव की मांग की। नेताओं द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया था कि भाजपा के उदय को स्वीकार करने के लिए परिवर्तन महत्वपूर्ण था, जिसे जमीनी स्तर पर समर्थन प्राप्त था।
जिन नेताओं ने सोनिया गांधी को खत लिखा था उसमें पांच पूर्व मुख्यमंत्री, मौजूदा सांसद शशि थरूर, गुलाम नबी आजाद, मनीष तिवारी, और कपिल सिब्बल के साथ-साथ कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य और एक दर्जन से अधिक पूर्व केंद्रीय मंत्री शामिल थे, जिनके पास सालों का राजनीतिक अनुभव है।












Click it and Unblock the Notifications