छत्तीसगढ़: कांग्रेस ने पीसीसी से मांगी मंदिरों की लिस्ट, स्मृति इरानी और रमन सिंह ने ली चुटकी
रायपुर। कांग्रेस द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी(पीसीसी) से छत्तीसगढ़ के प्रमुख मंदिरों की लिस्ट मांगे जाने पर केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी और मुख्यमंत्री रमन सिंह ने चुटकी ली है। स्मृति ने कहा कि भाजपा की वजह से राहुल भगवान के दर्शन करने जा रहे हैं। वहीं सीएम रमन ने कहा कि जो कभी मंदिर नहीं जाते थे वे चुनाव के बहाने मंदिर जाने लगे हैं। सरकार की बड़ी उपलब्धि यही है कि अच्छे-अच्छों को ठीक कर दिया।

इरानी ने पत्रकारों से कहा कि लोकतंत्र में अगर किसी भी राजनीतिक दल से पूछें, तो वे कहेंगे कि हमें ईश्वर के दर्शन जनता में होते हैं। लेकिन मुझे इस बात की खुशी है, जो भारत दर्शन करने के लिए निकले थे, वे अब प्रभु के दर्शन भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की वजह से कर रहे हैं। वे अब प्रभु की शरण में जा रहे हैं, ताकि वो अपना राजनीतिक भविष्य सही कर सकें। लेकिन उन्हें ये भी समझना होगा कि देश की राजनीति डेवलपमेंट पर हो रही है और विकास की परिभाषित राजनीति अगर कोई करता है तो वो भारतीय जनता पार्टी है।
वहीं मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने कहा कि अच्छा है चुनाव के बहाने वो लोग भी मंदिर जाने लगे हैं, जो कभी मंदिर नहीं जाते थे। यह एक बड़ा परिवर्तन है, जो बताता है कि पीएम मोदी के भय में लोगों को क्या-क्या करना पड़ रहा है। सीएम रमन सिंह ने कहा कि जिन लोगों के मन में मंदिरों को लेकर आस्था नहीं थी, वे भी चुनावी फायदे के लिए मंदिर की सीढियां चढ़ रहे हैं। राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के भी मंदिरों में जाएंगे यह यहां के सरकार की उपलब्धि है।
गौरतलब है कि नेशनल कांग्रेस ने पीसीसी से छत्तीसगढ़ के प्रमुख मंदिरों की लिस्ट मंगवाई है। जिससे की जातीय समीकरणों को साधा जा सके। राहुल गुजरात-कर्नाटक की तरह छत्तीसगढ़ के भी कई मंदिरों में दर्शन करने जाएंगे। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
ये भी पढ़ें- राजस्थान: कोर्ट के बाहर रुपए ले रहे पुलिसवालों का वीडियो वायरल, विभाग ने शुरू की जांच












Click it and Unblock the Notifications