लोकसभा चुनाव 2019: ओडिशा में कांग्रेस,भाकपा, माकपा और जेएमएम में होगा गठबंधन!
नई दिल्ली: ओडिशा में बीजू जनता दल भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ लोकसभा चुनाव में महागठबंधन बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। महागठबंधन के लिए ओडिशा में कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया(सीपीआई) और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच गठबंधन को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। सीपीआई के नेता डी राजा ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 में ओडिशा में बीजेडी और बीजेपी के मुकाबले के लिए भाकपा, माकपा, जेएमएम (झारखंड मुक्ति मोर्चा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए बातचीत हो रही है और सीटों के बंटवारे पर जल्द फैसला हो सकता है।

डी राजा ने कहा कि ओडिशा में हम कांग्रेस, सीपीएम और जेएमएम के साथ गठबंधन बनाने के लिए चर्चाओं का दौर चल रहा है। आने वाले चुनावों में इसकी संभावना ज्यादा है कि कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम और जेएमएम ओडिशा में सामूहिक रूप से लड़ेंगे। उन्होंने आगे कहा कि देश बचाओ, मोदी हटाओ का नारा पूरे देश में चल रहा है। क्योंकि सभी संस्थान खतरे में हैं और लोगों के मन में भय की भावना है।

वहीं दूसरी तरफ ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने कहा कि गठबंधन के लिए बातचीत की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन सीटों के बंटबारे को लेकर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। ऐसी खबरें भी आ रही हैं कि ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी हो सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों को इस राज्य से ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की उम्मीद है।
इस समय ओडिशा में बीजेडी की सरकार है और नवीन पटनायक मुख्यमंत्री हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस राज्य में साल 2000 से ही सत्ता से बाहर है। 2014 के लोकसभा चुनाव में ओडिशा की 21 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी महज एक सीट जीत पाई थी और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। जबकि पूरे देश में मोदी की लहर के बावजूद बीजेडी ने 20 सीटें जीती थी। वहीं कांग्रेस को भले ही यहां कोई सीट नसीब ना हुई हो, लेकिन उसका वोट शेयर बीजेपी से ज्यादा रहा था।


Click it and Unblock the Notifications
