'मां के साथ रह सकते हैं या फिर..' राहुल के बंगला खाली करने के बारे में बोले कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे
राहुल गांधी को बंगला खाली करने का नोटिस मिलने पर कांग्रेस तिलमिलाई हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि भाजपा यह सब उन्हें अपमानित करने के लिए कर रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद उन्हें सरकारी बंगला खाली करने के नोटिस पर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसपर भी केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। हालांकि, उन्होंने इसके साथ ही यह भी संकेत दिया है कि अगर राहुल को बंगला खाली करना पड़ा तो वह कहां रह सकते हैं। खड़गे ने उन्हें अपने सरकारी बंगले में रहने का भी ऑफर दिया है। खड़गे मंगलवार को राहुल गांधी के साथ कर्नाटक के दौरे पर हैं।

बंगला खाली करने के नोटिस पर भड़की कांग्रेस
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी नेता राहुल गांधी के बंगला खाली करने की संभावनाओं पर बड़ा बयान दिा है। उन्होंने सरकारी नियमों के तहत बंगला खाली करने के लिए राहुल गांधी को मिले नोटिस को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला किया है। मोदी सरनेम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में आपराधिक मानहानि के दोषी ठहराए जाने के बाद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता छिन चुकी है। इसको लेकर कांग्रेस पहले से ही सत्ताधारी बीजेपी पर आरोप लगा रही है। लेकिन, जब 22 अप्रैल तक उन्हें बंगला खाली करने का नोटिस मिला है तो वह और भड़क गई है।
Recommended Video

'अपनी मां के साथ रह सकते हैं या फिर मेरे यहां आ सकते हैं'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक के बेलगावी में मंगलवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि 'वह उन्हें (राहुल गांधी को) कमजोर करने के लिए सभी कोशिशें करेंगे, लेकिन अगर वह बंगला खाली करते हैं तो वे अपनी मां के साथ रह सकते हैं या फिर मेरे यहां आ सकते हैं........मैं उसे खाली कर दूंगा।' खड़गे राहुल गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बेलगावी की यात्रा पर पहुंचे हैं।

यह कोई तरीका नहीं है- खड़गे
खड़गे ने कहा कि 'मैं उन्हें डराने, धमकाने और अपमानित करने के सरकार की कोशिशों की निंदा करता हूं। यह कोई तरीका नहीं है। कई बार हम तीन-चार महीने तक बिना बंगले के भी रहते हैं। मुझे 6 महीने बाद बंगला मिला था। लोग यह सब दूसरों को अपमानित करने के लिए करते हैं।' दरअसल, लोकसभा सचिवालय ने मंगलवार को ही राहुल गांधी को उन्हें आवंटित दिल्ली के लुटियंस जोन वाला 12, तुगलक लेन का बंगला खाली करने का नोटिस जारी किया था। इसकी अवधि अधिकतम एक महीने या 22 अप्रैल तक दी गई है। नोटिस के अनुसार 23 अप्रैल, 2023 से आवंटन रद्द माना जाएगा।

'राहुल गांधी को घर की चिंता नहीं है और इससे भी बड़े मुद्दे हैं...'
हालांकि, एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को बताया था कि राहुल गांधी चाहें तो हाउसिंग कमेटी से मोहलत मांग सकते हैं और उनके अनुरोध पर विचार किया जा सकता है। लेकिन, कांग्रेस ने तो इस औपराचरिक प्रक्रिया पर भी मोर्चा खोल रखा है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था, 'राहुल गांधी को घर की चिंता नहीं है और इससे भी बड़े मुद्दे हैं...' पार्टी के एक प्रवक्ता सलमान अनीस सोज ने कहा कि लाखों भारतीय खुशी-खुशी राहुल गांधी को घर ऑफर करेंगे।

आपराधिक मानहानि में राहुल को मिली है सजा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने मोदी सरनेम पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में आपराधिक मानहानि का दोषी पाया है और उन्हें दो साल की सजा सुनाई है। इसी आधार पर राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता के अयोग्य ठहराया गया है। ऐसा होने के एक महीने के अंदर सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया है और राहुल गांधी को उसी प्रक्रिया का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, इसकी वजह से कांग्रेस को कर्नाटक चुनाव से पहले इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने का मौका मिल गया है। (इनपुट- न्यूज एजेंसियां)












Click it and Unblock the Notifications