पांच राज्यों में टिकटों के बंटवारे पर कांग्रेस 12 अक्टूबर को लेगी बड़ा फैसला
नई दिल्ली। पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपनी कमर कसना शुरू कर दी है। तमाम राज्यों में चुनावों के मद्देनजर टिकटों के बंटवारे को लेकर पार्टी ने के भीतर मंथन जारी है। ऐसे में 12 अक्टूबर को कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी टिकटों के बंटवारे पर बड़ा फैसला लेगी, माना जा रहा है कि 12 अक्टूबर को उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया जाएगा। जिस तरह से मध्य प्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस सपा और बसपा के साथ गठबंधन करने में विफल रही है, उसे देखते हुए पार्टी के लिए टिकटों का बंटवारा करना आसान नहीं होगा।

सपा-कांग्रेस का गठबंधन नहीं
मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के रुख से नाराजगी जाहिर करते हुए ऐलान किया था कि वह कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी और प्रदेश में अकेले ही चुनाव लड़ेगी। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा था कि वह कांग्रेस का और इंतजार नहीं कर सकते वो मध्यप्रदेश में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बीएसपी से ही गठबंधन करेंगे। छत्तीसगढ़ में भी उन्होंने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बीएसपी के साथ बातचीत चलने और गठबंधन होने की बात कही।

कांग्रेस-बसपा में नहीं हुआ गठबंधन
एक तरफ जहां अखिलेश यादव ने कांग्रेस के रुख पर नाराजगी जाहिर करते हुए अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया तो दूसरी तरफ बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि वह कांग्रेस से सीटों की भीख नहीं मागेंगी। मायावती ने कहा कि हमने तो केवल सम्मानजनक सीट देने की शर्त रखी थी, लेकिन कांग्रेस यो स्वीकार नहीं है। मायावती ने साफ कहा कि वह मध्य प्रदेश और राजस्थान में अकेले ही चुनाव लड़ेंगी। साथ ही मायावती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा एक साथ मिलकर बसपा को कमजोर करने में जुटी हैं।
इसे भी पढ़ें- Me Too: यौन शोषण के आरोपों में घिरे एमजे अकबर पर मेनका गांधी ने कहा, 'जांच होनी चाहिए'

पांच राज्यों में चुनाव
आपको बता दें कि जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान चुनाव आयोग ने किया है वह राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मिजोरम हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने बताया कि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में और बाकी चारों राज्यों में एक-एक चरण में मतदान होगा। जिन पांच राज्यो में चुनाव होना है उनमे से तीन राज्यों में भाजपा की सरकार है, एक राज्य में कांग्रेस और एक में टीआरएस की सरकार है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है, मिजोरम में कांग्रेस और तेलंगाना में टीआरएस की सरकार है।
इसे भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर निकाय चुनाव Live: दूसरे चरण की वोटिंग जारी, मतदाताओं में गजब का उत्साह












Click it and Unblock the Notifications