'भाजपा में स्टार प्रचारक बनाने की विधि- 1 किलो आपराधिक मामले, 1 लीटर भगवा डाई, आधा कप मगरमच्छ के आंसू, 2 चम्मच महिला से नफरत'
Recommended Video

नई दिल्ली। कर्नाटक में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में कांग्रेस और भाजपा के बीच लगातार बयानों का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस ने योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बकायदा एक वीडियो जारी किया है, जिसमे भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया गया है कि वह नफरत की राजनीति करती है। इस बाबत कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमे योगी आदित्यनाथ का मखौल उड़ाते हुए उन्हें महिलाओं से नफरत करने वाला, मगरमच्छ के आंसू बहाने वाला बताया गया है। इस वीडियो में योगी आदित्यनाथ के उस क्लिप को भी शामिल किया गया है जिसमे वह संसद के भीतर रोते हैं, इसे कांग्रेस के वीडियो में मगरमच्छ का आंसू बताया गया है।

योगी आदित्यनाथ के बयानों का जिक्र
कांग्रेस ने जो वीडियो जारी किया है उसमे लिखा गया है कि यह भाजपा में स्टार प्रचारक बनाने की विधि, हम इसका सुझाव नहीं देते हैं और ना ही इसे मानते हैं। इस विधि के बारे में बताते हुए लिखा गया है कि इसके लिए आपको एक किलो आपराधिक मामले चाहिए, जिसमे योगी आदित्यनाथ के खिलाफ दर्ज तमाम आपराधिक मामलों का जिक्र किया गया है। इसके बाद एक लीटर भगवा डाई, जिसमे सफेद कपड़े को भगवा रंग से रंगते हुए दिखाया गया है। आधा कप मगरमच्छ के आंशू, जिसमे योगी आदित्यनाथ का 2007 में संसद में रोते हुए वीडियो दिखाया गया है, दो चम्मच महिलाओं के प्रति ईर्ष्या, जिसमे 2010 में योगी आदित्यनाथ के बयान का जिक्र किया गया है, उस वक्त योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि अगर आदमियों के भीतर महिलाओं के गुण आते हैं तो वह भगवान बन जाते हैं, लेकिन अगर महिलाओं के अंदर पुरुषों के गुण आते हैं तो वह शैतान बन जाती हैं। इसके बाद लिखा गया है कि विकास पर उनका ध्यान शून्य है।

बर्बादी की विधि आपके प्रदेश में आ रही
इस वीडियो में आगे कहा गया है कि इन तमाम सामग्री को सांप्रदायिक आग पर धीमा-धीमा गर्म करिए जबतक यह उबल नहीं जाता है, इसके बाद इसे अज्ञानता से सजाइए, जिसमे गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल की घटना का जिक्र किया गया है। बाद में इसे नफरत के साथ कर्नाटक में परोसिए, इसमे योगी आदित्यनाथ व सिद्धारमैया की तस्वीर को दिखाया गया है। आगे लिखा गया है कि बर्बादी की विधि आपके प्रदेश में आ रही है।

भाजपा-कांग्रेस में विवाद शुरू
इस वीडियो को कांग्रेस ने अपने पेज पर पिन किया हुआ है, जिसे अबतक 43 हजार से अधिक लोगों ने देखा है, जबकि 2.6 हजार लोगों ने रीट्वीट किया है। 1.06 मिनट के इस वीडियो के बाद एक बार फिर से इस कांग्रेस और भाजपा के बीच तलवारें खिच गई है। एक तरफ जहां कांग्रेस भाजपा पर आरोप लगा रही है कि वह कर्नाटक में भी नफरत की राजनीति कर रही है तो दूसरी तरफ भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस विकास के मुद्दे से इतर लोगों को हिंदू मुस्लिम में बांटना चाहती है।

छिड़ी सियासी जंग
इस वीडियो पर विवाद के बाद कांग्रेस नेता बृजेश कलप्पा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ जोकि अपने ही संसदीय क्षेत्र में लोगों को सुरक्षा नहीं दे सकते हैं, जहां अस्पताल में इतने बच्चे मर गए, वह कर्नाटक में लोगों को सुरक्षा देने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सांप्रदायिक रंग देना चाहते हैं। वहीं भाजपा नेता नलिन कोली ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, अपराध के खिलाफ अभियान शुरू किया है। कांग्रेस विकास के मुद्दे पर कोई भी चुनाव नहीं लड़ना चाहती है, वह धर्म, जाति की राजनीतिक करके लोगों में नफरत फैलाना चाहती है।
Heres a recipe for a BJP star campaigner. We dont recommend it. pic.twitter.com/j5lIAvc4Oa
— Congress (@INCIndia) January 11, 2018












Click it and Unblock the Notifications