कांग्रेस ने पूछा सवाल, क्या चुनाव आयोग अमित शाह को नोटिस देकर BJP के IT सेल पर FIR करवाएगा?
चुनाव आयोग के घोषणा करने से पहले ही अपने ट्विटर हैंडल पर मतदान की तारीख शेयर कर भाजपा के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय घिर गए हैं।
नई दिल्ली। कर्नाटक में विधानसभा सभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इस बीच चुनाव आयोग के घोषणा करने से पहले ही अपने ट्विटर हैंडल पर मतदान की तारीख शेयर कर भाजपा के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय घिर गए हैं। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग से पहले ही चुनाव की तारीखों का ऐलान कर देती है। भाजपा अब 'सुपर इलेक्शन कमीशन बन चुकी है।'

'चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को सीधी चुनौती'
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, 'भाजपा ने चुनाव आयोग से पहले ही कर्नाटक के चुनावों की तारीखों का ऐलान किया। चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को ये सीधी चुनौती है। प्रश्न यह है- 1.क्या संवैधानिक संस्थाओं का डेटा भी भाजपा चुरा रही है? 2. क्या चुनाव आयोग अमित शाह को नोटिस देगा और भाजपा के IT सेल पर FIR दर्ज करवाएगा?'

चुनाव आयोग से पहले मालवीय का ट्वीट
आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारीखों का ऐलान भी नहीं कर पाया था कि उससे पहले ही भाजपा की आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने ट्वीट कर चुनाव की तारीख बता दी। मालवीय ने अपने ट्वीट में लिखा, '12 मई को कर्नाटक में वोटिंग है और 18 मई को काउंटिंग होगी।' हालांकि विवाद बढ़ने के बाद मालवीय ने अपना ट्वीट हटा लिया।

चुनाव आयोग ने कहा, जांच कराएंगे
इस मामले को लेकर पत्रकारों ने जब चुनाव आयुक्त से सवाल किया कि भाजपा आईटी सेल के हेड को चुनाव की तारीख कैसे पता चली तो उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच कराई जाएगी और जरूरी कार्रवाई भी होगी। वहीं, इस मामले पर घिरे अमित मालवीय ने सफाई देते हुए हुए कहा कि उन्होंने टाइम्स नाउ की खबर देखकर चुनाव की तारीख ट्वीट की थी।












Click it and Unblock the Notifications