कांग्रेस: गुजरात के मुकुल वासनिक और MP के प्रभारी महासचिव बने सुरजेवाला, अजय राय को भी बड़ी जिम्मेदारी
Congress News: कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले रणदीप सिंह सुरजेवाला को प्रदेश के सीनियर ऑब्जर्वर के बाद अब प्रभारी महासचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया है।
पार्टी ने उनको मध्य प्रदेश का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। इसके अलावा मुकुल वासनिक को गुजरात का प्रभारी महासचिव बनाया गया है। वहीं पार्टी ने पूर्व विधायक अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

रणदीप सुरजेवाला को अतिरिक्त जिम्मेदारी
गुरुवार को संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसके आदेश जारी किए हैं। रणदीप सुरजेवाला को वरिष्ठ नेता जेपी अग्रवाल की जगह मध्य प्रदेश के प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। ऐसे में अब सुरजेवाला सीनियर ऑब्जर्वर के साथ-साथ इस काम को भी संभालेंगे।
वहीं मुकुल वासनिक को राजस्थान कांग्रेस के नेता रघु शर्मा को हटाकर गुजरात का प्रभारी महासचिव बनाया गया है।
केसी वेणुगोपाल ने जारी किया बयान
पार्टी महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी बयान में कहा गया कि पार्टी निवर्तमान पीसीसी अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, पूर्व सांसद और सभी जोनल अध्यक्षों के योगदान की सराहना करती है। मालूम हो कि हाल ही में मध्य प्रदेश में पार्टी का वरिष्ठ चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाने के बाद सुरजेवाला को एक और पद दिया गया है। यहां इस साल के अंत में एमपी में चुनाव होने हैं।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बने अजय राय
इसके अलावा पार्टी ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को भी बदला है। इसी जिम्मेदारी पार्टी ने पूर्व विधायक अजय राय को सौंपी है। अजय राय अब बृजलाल खाबरी की जगह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। बता दें कि कांग्रेस नेता अजय राय दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से लोकसभा का चुनाव लड़ा हैं। उन्होंने पहली बार 2014 में और फिर साल 2019 में चुनाव लड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications