अमेठी नहीं रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी, कांग्रेस ने किया ऐलान
कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की एक और लिस्ट को जारी कर दिया है। लंबे समय से सवाल उठ रहा था कि आखिर अमेठी और रायबरेली से पार्टी किसे उम्मीदवार बनाएगी। लेकिन अब पार्टी की ओर से दोनों ही सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया गया है।
रायबरेली से कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को उम्मीदवार बनाया है जबकि अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया गया था। हालांकि पहले कयास लगाए जा रहे थे कि शायद राहुल गांधी को अमेठी से और प्रियंका गांधी को रायबरेली से टिकट दिया जा सकता है।

गौर करने वाली बात है कि लंबे समय से अमेठी और रायबरेली सीट को लेकर कांग्रेस में असमंजस की स्थिति थी। पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार की सुबह दोनों ही सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया।
अमेठी में राहुल गांधी जिस तरह से स्मृति ईरानी के सामने चुनाव हार गए थे, उसके बाद पार्टी ने एक सुरक्षित रास्ता अख्तियार करते हुए उन्हें रायबरेली से उम्मीदवार बनाया है। राहुल गांधी के लिए अमेठी से ज्यादा रायबरेली को सुरक्षित सीट माना जा रहा है। दरअसल इसकी बड़ी वजह है कि रायबरेली की सीट अभी भी कांग्रेस के पास है।
अमेठी से किशोरी लाल शर्मा और रायबरेली से राहुल गांधी दोनों ही आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी यूपी से चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं थे। यही वजह है कि कांग्रेस की परंपरागत रायबरेली और अमेठी सीट पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान होने में देरी हो रही थी। लेकिन आखिरकार वह रायबरेली से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए।
पार्टी को भरोसा है कि विपरीत परिस्थितियों में भी रायबरेली के लोगों ने कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा, ऐसे में इस बार राहुल गांधी को रायबरेली से जीत मिल सकती है। राहुल गांधी के रायबरेली से मैदान में उतरने से माना जा रहा है कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जोश का संचार होगा।
वहीं किशोरी लाल शर्मा की बात करें तो राजीव गांधी उन्हें 1983 में अमेठी लेकर आए थे। लेकिन किशोरी लाल शर्मा यहां पार्टी के सांसद के लिए काम करते रहे। रायबरेली से सोनिया गांधी के जीतने के बाद से वह किशोरी लाल शर्मा उनके प्रतिनिधि के तौर पर काम करते रहे।












Click it and Unblock the Notifications