ओवैसी पर क्यों आग बबूला हैं कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन INDIA के नेता, क्या सिर्फ राहुल गांधी हैं वजह?
एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हैदराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती देकर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं को नाराज कर दिया है। इसके बाद इंडिया ब्लॉक ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ओवैसी ने राहुल को किया चैलेंज तो भड़के इंडिया ब्लॉक के नेता
हैदराबाद में एक सभा में ओवैसी ने कहा था, 'कांग्रेस के लोग बहुत आएंगे... मैं तो तुम्हारे लीडर से कहूंगा कि अबकी बार वायनाड से नहीं, हैदराबाद से मुकाबला करो...आओ...मैं चैलेंज कर रहा हूं वायनाड से हैदराबाद आओ....'

ओवैसी साहब को नरेंद्र मोदी को चैलेंज करना चाहिए- संजय राउत
ओवैसी के इसी चैलेंज पर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया में उसके सहयोगी उनपर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। शिवसेना (उद्धव बाल ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने कहा है, 'ओवैसी अगर इस देश के सच्चे देशभक्त नागरिक हैं, तो ओवैसी साहब को राहुल गांधी को नहीं चैलेंज करना चाहिए.....ओवैसी साहब को नरेंद्र मोदी को चैलेंज करना चाहिए....कि आप हैदराबाद में आकर चुनाव लड़िए....'
गोधरा तो शायद ओवैसी भूल गए होंगे- कांग्रेस
उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी तो अब इतने लोकप्रिय हैं कि हैदराबाद, वाराणसी और वायनाड से क्या देश में कहीं भी चुनाव लड़ेंगे तो जीत जाएंगे। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि 'मुझे लगता है कि ओवैसी ने गलत बोला है.....देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो मुस्लिमों पर रोज अत्याचार कर रहे हैं, सत्ता में आने के बाद...गोधरा तो शायद ओवैसी भूल गए होंगे ....लेकिन उन्हें तो प्रधानमंत्री को चैलेंज करना चाहिए। राहुल जी तो एक सांसद है....जब राहुल जी देश के प्रधानमंत्री होंगे तब उनको चैलेंज करना चाहिए.....'
महिला आरक्षण के मसले पर ओवैसी ने इंडिया ब्लॉक को घेरा है
दरअसल, जिस सभा में ओवैसी ने राहुल गांधी को यह चैलेंज दिया था, उसमें उन्होंने महिला आरक्षण पर संसद में इंडिया ब्लॉक की रणनीति पर भी हमला किया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और लालू यादव की पार्टी संसद में मुसलमानों का नाम लेने से भी डरती है। मैंने खड़ा होकर बोला और कहा कि मुसलमानों और ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण मिलना चाहिए....वे मुझसे कहते रहते हैं कि मैं महिलाओं के खिलाफ हूं.....लेकिन सच्चाई ये है कि आप लोग महिलाओं, ओबीसी और मुसलमानों के खिलाफ हैं.....'
असल में ओबीसी ने राहुल ही नहीं विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक पर सीधा हमला बोला है, इसलिए गठबंधन की पार्टियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोला है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित की प्रतिक्रिया को देखने पर यह बात थोड़ी ज्यादा स्पष्ट होती हुई महसूस होती है।
कांग्रेस नेता ने ओवैसी पर बीजेपी से मिलीभगत का आरोप लगाया
उन्होंने कहा कि 'सबको मालूम है कि भारतीय जनता पार्टी तय करती है कि एमआईएम (एआईएमआईएम) के कौन कैंडिडेट होंगे....सबको पता है कि वहां से डायरेक्शन आता है.....और लोगों को दिखाने के लिए संसद में दो-चार शब्द बोल देते हैं। ' उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का हैदराबाद के बाहर कोई वजूद नहीं है।
उन्होंने कहा, कि सर्वे बताते हैं कि राहुल गांधी की लोकप्रियता 28% से 30% है। उन्होंने खुद ओवैसी को भी हैदराबाद से अलग किसी सीट से चुनाव लड़ने की भी चुनौती दी है। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर भी आरोप लगाया कि वह ऐसी ताकतों को बढ़ावा देना बंद करे नहीं तो इसका देश को नुकसान हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications