Coronavirus: कानपुर के 10 इलाकों में लॉकडाउन का ऐलान
नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए अलग-अलग प्रदेश और शहर इसे रोकने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी कोरोना का संक्रमण हर रोज बढ़ रहा है। कानपुर में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कई इलाकों में लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। कानपुर के डीएम ने 10 थाना क्षेत्रों में पूरी तरह से लॉकडाउन करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज रात यानि सोमवार रात 10 बजे से ही शुक्रवार रात तक लॉकडाउन करने का आदेश दिया है।

इन 10 इलाकों में पूरी तरह से कर्फ्यू
कानपुर के डीएम ने ट्वीट करके लिखा, 10 थाना क्षेत्रों चकेरी, कल्याणपुर, नौबस्ता, बर्रा, किदवई नगर, गोविन्द नगर, काकादेव, कोतवाली, नवाबगंज तथा स्वरूप नगर में आज रात 10 बजे से शुक्रवार रात तक सम्पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। कृपया आप सभी लॉकडाउन का कड़ाई से अनुपालन करें। बता दें कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने पहले से ही हर हफ्ते के शनिवार और रविवार को लॉकडाउन किए जाने का आदेश दिया है। ऐसे में कानपुर के इन सभी 10 इलाकों में अगले सोमवार तक पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा।
यूपी में अबतक 1192 लोगों की मौत
बता दें कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले लगातार लगातार बढ़ रहे हैं जिसको रोकने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार नए-नए कदम उठा रही है। सोमवार को यूपी में कोरोना वायरस संक्रमण के 1924 नए मामले सामने आए थे। प्रदेश में फिलहाल 19137 मरीजों में यह वायरस एक्टिव है और 30831 मरीज इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। यूपी में इस बीमारी से अब तक 1192 लोगों की मौत हुई है। जिन मरीजों में वायरस हैं लेकिन उसके लक्षण नहीं हैं, उनको लेकर प्रदेश सरकार चिंतित है। सरकार का कहना है कि ऐसे मरीज जो बीमारी को छुपा रहे हैं, उनसे वायरस के फैलने के खतरे को देखते हुए उनको अपने घर में आइसोलेशन में रहने की अनुमति दी जाएगी।
होम आइसोलेशन की अनुमति
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि प्रदेश सरकार अब निर्धारित प्रोटोकॉल के अधीन शर्तों के साथ होम आइसोलेशन की अनुमति देगी। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कोविड-19 के लक्षणरहित मरीज बीमारी को छुपा रहे हैं जिससे संक्रमण के बढ़ने का खतरा है। इसके देखते हुए प्रदेश सरकार ने यह फैसला लिया है।












Click it and Unblock the Notifications