चार महीनों से लापता हैं मशहूर कॉमेडियन सिद्धार्थ सागर, घरवालों का भी पता नहीं, दोस्त ने मांगी मदद
मुंबई। सोनी टीवी के मशहूर कॉमेडी कार्यक्रम 'द कपिल शर्मा शो' में नजर आ चुके कॉमेडियन सिद्धार्थ सागर पिछले 4 महीनों से लापता हैं, यही नहां पिछले 4 महीनों से उनके घरवालों का भी कुछ अता पता नहीं है। इस बात का खुलासा सिद्धार्थ की दोस्त सोमी सक्सेना के सोशल मीडिया पोस्ट से हुआ।

दोस्त सोमी सक्सेना ने लिखी पोस्ट
सोमी ने बुधवार (28 मार्च) को लिखी अपनी पोस्ट में लिखा था कि आप लोगों को याद है सिद्धार्थ सागर उर्फ सेल्फी मौसी उर्फ नसीर, ये शख्स पिछले 4 महीनों से लापता है, ये अंतिम बार 18 नवंबर 2017 को दिखा था। कोई नहीं जानता वो कहां हैं, वो मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। प्लीज उन्हें ढूंढ़ने की कोशिश करिए, इस खबर को जितना हो सके, उतना फैलाइए।

सोमी ने बाद में ये पोस्ट डिलीट कर दिया
हालांकि सोमी ने बाद में ये पोस्ट डिलीट कर दिया लेकिन क्यों उन्होंने ऐसा किया, ये किसी को समझ नहीं आया।

सिद्धार्थ और उनके मम्मी-पापा के आपसी रिलेशन अच्छे नहीं
वैसे ऐसी भी खबरे हैं कि सिद्धार्थ और उनके मम्मी-पापा के आपसी रिलेशन अच्छे नहीं हैं और उनके गायब होने की वजह दोनों के बीच के मतभेद हो सकते हैं। फिलहाल अभी ना तो सिद्धार्थ का पता चल पाया है और ना ही उनके माता-पिता का।

'सेल्फी मौसी' और 'नसीर' जैसे नामों से लोकप्रिय
गौरतलब है कि सिद्धार्थ सागर 'सेल्फी मौसी' और 'नसीर' जैसे नामों से टीवी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। सिद्धार्थ को 'कॉमेडी सर्कस', 'कॉमेडी सर्कस- चिंकपोकली टू चाइना', 'छोटे मियां बड़े मियां', 'लाफ्टर के फटके', और 'कॉमेडी सर्कस के अजूबे' जैसे शो में नजर आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications