सुषमा ने प्रवासी युवाओं से कहा: आएं, जुड़ें और योगदान दें
गांधीनगर। प्रवासी भारतीय मामलों की मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को यहां मौजूद प्रवासी युवाओं से कहा कि वे यहां आएं, जुड़ें और देश में हो रहे महत्वपूर्ण बदलाव का हिस्सा बनने के लिए योगदान करें। युवा प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) 2015 के उद्घाटन के मौके पर सुषमा ने प्रवासी युवाओं से देश के विकास में योगदान करने की अपील की।

सुषमा ने कहा कि हम आप सभी प्रवासियों से चाहते हैं कि आप देश के विकास में योगदान दें। हम चाहते हैं कि आप भारत के भविष्य को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो दृष्टिकोण है, उसमें जुड़ें। उन्होंने सरकार की तरफ से शुरू किए गए मेक इन इंडिया, स्मार्ट सिटीज, स्वच्छ भारत मिशन और स्किल इंडिया सहित विभिन्न कार्यक्रमों का उल्लेख किया।
सुषमा ने कहा कि सरकार इन सभी कार्यक्रमों को लागू करने के लिए अभियान की तर्ज पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आप इनमें योगदान दे सकते हैं और इस उद्यम में सक्रिय साझेदार बन सकते हैं। हमारी सरकार सुशासन, विशिष्टता, जवाबदेही, पारदर्शिता और तेजी से फैसले लेने को लेकर प्रतिबद्ध है।
महात्मा मंदिर परिसर में प्रवासी युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "आज आपके पास भारत की पूर्ण संभावना को समझने के हमारे प्रयास के तहत हमसे जुड़ने के लिए शानदार अवसर मौजूद हैं, विशेषकर विनिर्माण, आधारभूत संरचना के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शोध और नवाचार, ज्ञान और अर्थव्यवस्था और युवाओं के विकास के क्षेत्र में।"
प्रवासियों को भारत की सॉफ्टवेयर ताकत का सबसे बेहतरीन उदाहरण बताते हुए सुषमा ने कहा कि प्रवासियों ने भारत को अपने दिल में रखा है। आपने हजारों मील दूर रहते हुए भारत की भावना को जिंदा रखा है। मंत्री ने कहा कि पीबीडी आपकी अपनी विरासत को दिखाने और भारत में अपने आधार से जुड़ने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि पीबीडी, प्रवासियों को मातृभूमि से जोड़ने और वैश्विक भारतीय परिवारों की अवधारणा को बढ़ावा देने का मंच है। मंत्री ने कहा, "भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां 1.25 अरब जनसंख्या बहुलतावादी राजनीति के माध्यम से अपने लक्ष्य की तरफ जा रहे हैं।" जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, "लोगों ने आतंकवादियों के गोलियों को परास्त करते हुए शांतिपूर्ण बदलाव के लिए पिछले 25 सालों में सबसे अधिक मतदान किया।"
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान के मंगलयान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में 'टाइम' पत्रिका ने इसे 2014 के बेहतरीन अनुसंधान में स्थान दिया है। उन्होंने मोदी सरकार की कूटनीतिक पहल की तीव्रता पर कहा, "प्रधानमंत्री की र्ढे से हटकर की गई पहल और यात्रा ने भारत की वैश्विक कद को ऊंचा उठाया है।
कुछ दिनों में अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा मुख्य अतिथि के रूप में गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगे।" सुषमा ने कहा कि आज जो चीज विश्व को भारत के बारे में सबसे ज्यादा उत्साहित कर रही है, वह भारतीय अर्थव्यवस्था है, जो कि क्रयशक्ति के मामले में विश्व में तीसरे स्थान पर है।












Click it and Unblock the Notifications