दिल्ली-NCR में ठंड का कहर जारी, घने कोहरे के कारण 13 ट्रेनें लेट
नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है । जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर का दौर जारी है। जबकि रविवार को हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में ठंड और बढ़ गई है। दिल्ली-एनसीआर के अलावा, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड का प्रकोप जारी है। घने कोहरे के कारण दर्जनों ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

घने कोहरे के कारण दिल्ली रेलवे से विभिन्न राज्यों को जाने वाली 13 ट्रेनें लेट चल रही हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों के लेट होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घंटों स्टेशन पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। जबकि कोहरे के कारण विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली लगभग सभी फ्लाइट्स लेट हैं जिसके कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही हैं।
ठंड और शीतलहर को देखते हुए दिल्ली से सटे गाजियाबाद में स्कूलों को 12 जनवरी तक बंद करने का आदेश जारी किया गया है। जिलाधिकारी के आदेश के बाद गाजियाबाद के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूल 12 जनवरी तक बंद रहेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। सहारनपुर,शामली और बिजनौर के सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों को भी 12 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications