उत्तर भारत में कोहरे का कहर, कई ट्रेनें 26 जनवरी तक रद्द

उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) के मंडलीय रेल प्रबंधक जगदीप राय ने बताया कि अगर 20 जनवरी तक कोहरे का असर कम पड़ गया, तो रद्द की गई रेलगाड़ियों का परिचालन 25 जनवरी से पहले भी शुरू किया जा सकता है। रद्द की गई सभी रेलगाड़ियां पैसेंजर रेलगाड़ियां हैं, जिनमें बाराबंकी-लखनऊ पैसेंजर, कानपुर-लखनऊ पैसेंजर, लखनऊ -सुल्तानपुर पैसेंजर, प्रयाग-जौनपुर पैसेंजर, प्रतापगढ़-लखनऊ पैसेंजर शामिल हैं।
दिल्ली में मौसम साफ होने की उम्मीद
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा, जो दिन बढ़ने के साथ साफ हो गया। मौसम विभाग ने आगे दिन में मौसम साफ रहने की संभावना व्यक्त की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारी ने बताया, "आंशिक रूप से छाए बादल साफ हो जाएंगे। हालांकि, सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।" सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह दिल्ली में कोहरा छाया रहा और 8.30 बजे दृश्यता गिर कर 250 मीटर तक पहुंच गया। उत्तर रेलवे के मुताबिक, दिल्ली की तरफ आ रही 37 रेलगाड़ियां अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं, जबकि चार का समय बदला गया है।
उत्तर प्रदेश का बुरा हाल
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और सूबे के अन्य हिस्सों में मंगलवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। सोमवार देर रात हुई हल्की बारिश और सर्द हवाओं की वजह से ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का यही रुख बरकरार रहेगा। उप्र मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी के आसपास के जिलों में सोमवार रात हल्की बारिश दर्ज की गई। सोमवार को दिन के अधिकतम तापमान में नौ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान गिरकर 13 डिग्री तक पहुंच गया। मंगलवार को भी मौसम का यही रुख बरकरार रहने के असार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उप्र में दृश्यता 200 मीटर तक दर्ज की गई। लखनऊ, बहराइच, कानपुर, इलाहाबाद में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। यहां पर ट्रेनों के अलावा परिवहन विभाग ने भी पूर्वांचल और बुंदेलखंड के अधिकांश जिलों में जाने वाली बसों का परिचालन रोक दिया है।
बिहार का हाल बेहाल
बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में सर्द हवाओं और कोहरे के कारण लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। पटना तथा आसपास के क्षेत्रों में सोमवार की शाम से लेकर मंगलवार को सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। इधर, मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी ठंड और कोहरा कम नहीं होगा। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मंगलवार को भागलपुर का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि गया का 11.8 डिग्री, पटना का 11.9 तथा पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भागलपुर का सोमवार को अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का 19.7 डिग्री, पटना का 20.0 डिग्री और पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए़ क़े सेन के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक सुबह और शाम कोहरा रहेगा और दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा।
मध्य प्रदेश का हाल
मध्य प्रदेश में हवाओं के रुख में आ रहे बदलाव से तापमान में वृद्धि के साथ ठंड में कमी आई है। वहीं कोहरे का असर भी कम दिख रहा है। राज्य में मंगलवार को ठंड पहले से कुछ कम है। आसमान पर बादलों की आवाजाही के चलते सूरज की लुका-छिपी का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में उत्तरी हवाओं का चक्रवात बना हुआ है, जिससे हवाओं के रुख में बदलाव हो रहा है और तापमान में वृद्धि हुई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों मे हवाओं के साथ बारिश हो सकती है और कोहरे का असर भी बना रह सकता है।












Click it and Unblock the Notifications