दिल्ली में जब्त हुई 900 करोड़ की कोकीन, भेजी जानी थी ऑस्ट्रेलिया, सामने आया विदेशी कनेक्शन
Delhi News: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक घर से 81.5 किलोग्राम (लगभग 73 पैकेट) से ज्यादा कोकीन ज़ब्त किया गया। जब्त की गई कोकीन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 900 करोड़ रुपए है। एनसीबी की डीडीजी नीरज कुमार ने इस बाबत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
डीडीजी नीरज कुमार ने बताया कि हमने पहले एक छोटी कूरियर कंपनी से लगभग 1 किलो कोकीन जब्त की थी और हम लगातार उसकी जांच कर रहे थे। हमें जांच के दौरान जानकारी मिली और हम एक घर में गए और लगभग 73 पैकेट और 81.5 किलोग्राम से अधिक कोकीन मिली। एक पार्सल जो हमने 11 नवंबर को जब्त किया था, उसे ऑस्ट्रेलिया भेजा जाना था।

इसके अलावा, हमने अगस्त के महीने में 1 पार्सल जब्त किया, इसे भी ऑस्ट्रेलिया भेजा जाना था। जल्द ही हम इसके पीछे मुख्य लोगों को पकड़ लेंगे। बाजार में कोकीन की प्रति किलोग्राम कीमत लगभग 11-14 करोड़ रुपये है। रिपोर्ट्स के मुतबिक, कोकीन की खेप गुजरात के अहमदाबाद से सड़क मार्ग से दिल्ली लाया गया थी।
फिलहाल, एनसीबी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गुजरात में यह कहां से मंगाई गई थी। बता दें, एनसीबी द्वारा जब्त की गई कोकीन को यहां से ऑस्ट्रेलिया भेजा जाना था। कुछ खेप ऑस्ट्रेलिया के लिए कूरियर की भी जा चुकी थी। शक है कि ऑस्ट्रेलिया के लिए जो खेप भेजी गई है। उसकी अनुमानित कीमत करीब 250 करोड़ रुपये की है।
जबकि, 900 करोड़ रुपये की कोकीन एनसीबी के हाथ लग गई। सूत्रों ने यह भी बताया कि कोकीन के इस सिंडिकेट में गुजरात, सोनीपत, दिल्ली, दुबई और देश के कुछ और राज्यों के लोग शामिल हैं। कोकीन के इस सिंडिकेट को दुबई से ऑपरेट किया जा रहा था। इसमें सोनीपत के एक शख्स की अहम भूमिका बताई जा रही है।
इस केस में अभी तक चार आरोपी पकड़े गए हैं। उम्मीद है कि एक-दो दिनों में और भी आरोपी पकड़ में आ जाएंगे। जिस तरह के एनसीबी को इनपुट मिल रहे हैं। उसे देखते हुए लग रहा है कि ड्रग्स माफिया का यह सिंडिकेट केवल गुजरात और दिल्ली में ही नहीं बल्कि एनसीआर और अन्य राज्यों में भी फैला हो सकता है।
अमित शाह ने किया ट्वीट
गृहमंत्री अमित शाह ने इस सफलता के लिए एनसीबी को बधाई दी। साथ ही, नशामुक्त भारत बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'एक ही दिन में अवैध ड्रग्स के खिलाफ लगातार दो बड़ी कामयाबियां मोदी सरकार के नशामुक्त भारत के संकल्प को दर्शाती हैं. NCB ने आज दिल्ली में 82.53 किलो हाई-ग्रेड कोकीन जब्त की है।'












Click it and Unblock the Notifications