योगी आदित्यनाथ का निर्विरोध MLC बनना तय, आधिकारिक एलान का इंतजार
मंगलवार को सभी प्रत्याशी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय के साथ विधानभवन पहुंचे थे और नामांकन की औपचारिकता पूरी की
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनके कैबिनेट के चार मंत्रियों का निर्विरोध एमएलसी चुना जाना लगभग तय हो गया है। मंगलवार को निर्धारित समय सीमा में केवल सीएम योगी व उनकी कैबिनेट से उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉक्टर दिनेश शर्मा, परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने ही एमएलसी के लिये नामांकन किया है। ऐसे में इनका एमएलसी बनना तय है। फिलहाल अभी इसकी अधिकारिक घोषणा की जानी बाकी है।

मंगलवार को सभी प्रत्याशी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय के साथ विधानभवन पहुंचे थे और नामांकन की औपचारिकता पूरी की। चारों एमएलसी सीटों पर आज नामांकन करने का अंतिम समय 3 बजे दोपहर तक का ही था। लेकिन इनकी सीट से दूसरी किसी पार्टी के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया हालांकि मोहसिन रजा की सीट पर नामांकन का समय 8 सितम्बर तक है।
यूपी की जिन पांच सीटों के एमएलसी का उप चुनाव की प्रक्रिया हो रही है । उनमे 4 समाजवादी पार्टी 4 और 1 बहुजन समाजवादी पार्टी के एमएलसी के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं।
इसमे यशवंत की सीट पर सीएम योगी का नामांकन हुआ है । बुक्कल नवाब की सीट पर केशव मौर्य का नामांकन हुआ है। अशोक वाजपेयी की सीट पर दिनेश शर्मा ने नामांकन किया है। जबकि सरोजनी अग्रवाल की सीट पर स्वतंत्र देव सिंह ने नामांकन किया है। वहीं जयवीर सींह की सीट पर मोहसिन रजा ने पर्चा दाखिल किया है।
आपको बता दें कि मंत्री बनने के बाद संबंधित व्यक्ति को प्रदेश विधानमण्डल के किसी सदन का सदस्य बनना जरूरी है। जिसके क्रम में ही यह प्रक्रिया पूरी हो रही है। सबसे खास बात यह है कि सीएम योगी के रूप में यूपी को लगातार तीसरी बार उच्च सदन के रास्ते सीएम मिल रहा है। इससे पहले अखिलेश यादव और मायावती भी मुख्यमंत्री बनने के बाद विधान परिषद के सदस्य बने थे।












Click it and Unblock the Notifications