अयोध्या में बनेगी भगवान राम की 100 मीटर ऊंची प्रतिमा, दिवाली पर सीएम योगी कर सकते हैं ऐलान
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पिछले साल की तरह अबकी बार भी दिवाली के अवसर पर अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन करने जा रही है। इस मौके पर अयोध्या में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ सूबे के दर्जनों मंत्री, अधिकारी दिखाई देंगे। वहीं, ऐसी खबरें हैं कि इस साल अयोध्यावासियों को सीएम योगी आदित्यनाथ कोई बड़ी खुशखबरी दे सकते हैं।

'सीएम योगी ने अयोध्या के लिए एक योजना तैयार की है'
कुछ बीजेपी नेताओं के बयान पर गौर करें तो लगता है कि भारतीय जनता पार्टी ने राम मंदिर मुद्दे पर माहौल बनाना शुरू कर दिया है, खासकर उस वक्त जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे में तीन दिन ही रह गए हैं। सूबे के भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने शुक्रवार को कहा, 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक संत हैं। उन्होंने अयोध्या के लिए एक योजना तैयार की है। वे दिवाली पर मंदिर से जुड़ी अच्छी खबर लोगों को देंगे। दीपोत्सव के दौरान सीएम योगी अयोध्या में इसकी घोषणा करेंगे।'

महेंद्र नाथ पांडेय ने भी दिया संकेत
शुक्रवार को ही आरएसएस नेता भैयाजी जोशी ने कहा था कि संघ 1990 के रथ यात्रा जैसे अभियान चलाने के लिए तैयार था, इसके कुछ घंटों बाद ही महेंद्र नाथ पांडेय का बयान आया। वे चंदौली में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे जहां उन्होंने दीपोत्सव को लेकर सीएम योगी के अयोध्या दौरे के बारे में बात की।

भव्य श्रीराम प्रतिमा को लेकर ऐलान संभव
सीएम योगी ने कुछ दिनों पहले ही कहा था कि अयोध्या विवाद को जल्दी से सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि अगर न्याय सही वक्त पर मिले तो अच्छा है वर्ना देरी से मिला न्याय अन्याय के बराबर होता है। एक अन्य बीजेपी नेता ने कहा कि सीएम योगी अयोध्या में संग्रहालय, आर्ट गैलरी, अयोध्या में हवाई अड्डा के बारे में घोषणा करेंगे। वे अयोध्या में सरयू नदी के तट पर भव्य श्रीराम प्रतिमा के निर्माण का ऐलान भी कर सकते हैं। ये मूर्ति 100 मीटर ऊंची होगी जिसकी लागत 330 करोड़ होगी।












Click it and Unblock the Notifications