बेंगलुरु को जल्दी ही मिलेगा कावेरी का स्वच्छ पानी, सीएम सिद्धरमैया ने की परियोजना के फेज-5 के उद्घाटन की घोषणा
Karnataka News: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को घोषणा की है कि बेंगलुरु में पेयजल संकट को हल करने के लिए बहुप्रतीक्षित कावेरी चरण-5 परियोजना का उद्घाटन बुधवार को किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका के तहत आने वाले 110 गांवों में रहने वाले करीब 50 लाख लोगों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
मौजूदा जल आपूर्ति में होगा बड़ा इजाफा
वर्तमान में बेंगलुरु शहर को कावेरी परियोजना के पहले चार चरणों के माध्यम से प्रतिदिन 1,500 मिलियन लीटर पानी की आपूर्ति की जाती है। नए चरण के जुड़ने से इसमें 775 मिलियन लीटर प्रतिदिन की बढ़ोतरी होगी। जिससे यशवंतपुर, टी दासराहल्ली, महादेवपुरा, बेंगलुरु दक्षिण, बोम्मनाहल्ली और राजराजेश्वरी नगर जैसे क्षेत्रों के निवासियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

4,336 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुई परियोजना
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने यह भी कहा कि बेंगलुरु के हर घर में कावेरी का पानी पहुंचाने का वादा जल्द ही पूरा होने जा रहा है। 4,336 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से शहर के निवासियों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने इस अपडेट को अपने एक ऑनलाइन पोस्ट के माध्यम से साझा किया। जिसमें उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता और प्रयासों को रेखांकित किया।
मांड्या जिले में होगा उद्घाटन
इस बड़ी परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार द्वारा मांड्या जिले के थोरेकदनाहल्ली में किया जाएगा। कावेरी चरण-5 परियोजना के तहत लगभग 50 लाख लोगों को स्वच्छ पेयजल प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। जो सरकार के जनहितैषी दृष्टिकोण और बेंगलुरु के लोगों की सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास पर खास जोर
मुख्यमंत्री ने फरवरी 2024 में राज्य का बजट पेश करते समय कावेरी चरण-5 परियोजना के तहत भूमिगत जल निकासी कार्य के बारे में भी जानकारी दी थी। यह कार्य दिसंबर 2024 तक पूरा हो जाने की योजना है। इस परियोजना में 228 किमी लंबी जल निकासी पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ 100 एमएलडी सीवेज पानी के उपचार की क्षमता वाले 13 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी शामिल है।
बेंगलुरु की जल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम
कावेरी चरण -5 परियोजना बेंगलुरु की बढ़ती आबादी के लिए पेयजल की आपूर्ति को सुगम बनाएगी। इसके माध्यम से राज्य सरकार न केवल पानी की आपूर्ति में सुधार करेगी। बल्कि जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों में स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित कर शहर के निवासियों के जीवन स्तर में भी सुधार लाएगी।












Click it and Unblock the Notifications