CJP की उल्टी गिनती शुरू? एक ही दिन में सौरव दास, अभिजीत दीपके का खुला राज! जानिए कैसे खुद बिछाए जाल में फंसे?
सोशल मीडिया पर दूसरों को घेरने की जल्दबाजी किस तरह खुद पर भारी पड़ सकती है, इसका ताजा उदाहरण कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दो बड़े चेहरों ने पेश किया है। मात्र 24 घंटे के भीतर पार्टी के राष्ट्रीय सह-संयोजक सौरव दास और प्रवक्ता अभिजीत दीपके ने बिना जांचे-परखे AI और फर्जी वीडियो शेयर कर दिए। हालांकि गलती पकड़ में आने के बाद दोनों ने अपनी-अपनी पोस्ट तो हटा लीं, लेकिन अब बात माफी और कानूनी कार्रवाई तक पहुंच चुकी है।
पहले सौरव दास ने भाजपा नेता गौरव भाटिया के नाम से चल रहे एक फर्जी बयान को शेयर किया। इसके बाद पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा का बताकर एक गलत वीडियो शेयर कर दिया। दोनों मामलों में एक बात कॉमन रही,दोनों वायरल कंटेंट फर्जी निकला।

सौरव दास ने पोस्ट हटा दी। अभिजीत दीपके ने भी वीडियो हटाया और बाद में सफाई दी। लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर सवाल खड़े हो चुके थे। आलोचकों ने दोनों से माफी की मांग की। कुछ यूजर्स ने पुलिस कार्रवाई की मांग भी कर दी।
सौरव दास ने शेयर किया BJP नेता का AI जनरेटेड बयान
विवाद का पहला दौर तब शुरू हुआ जब सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास ने भाजपा नेता गौरव भाटिया के नाम से एक फर्जी न्यूज क्लिप साझा कर दी। इस AI एडिटेड पोस्ट में गौरव भाटिया का झूठा बयान लिखा था कि स्वतंत्र भारद्वाज नाम का युवा दिमागी नक्सली है और भाजपा का उससे कोई लेना-देना नहीं है।
सौरव ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए चुटकी ली थी। इसके बाद गौरव भाटिया ने उसपर रिएक्ट करते हुए कहा, "यह पूरी तरह से फेक पोस्ट है। आपके पास 24 घंटे का समय है, इसे तुरंत डिलीट कीजिए और बिना शर्त माफी मांगिए। वरना आपके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।"
दबाव के बाद सौरव ने महज 83 मिनट में पोस्ट तो हटा दी, लेकिन बिना शर्त माफी मांगने के बजाय उल्टे तंज कसा। उन्होंने लिखा कि उन्हें पता चला कि यह वीडियो एआई से बना था, पर क्या भाजपा का कोई नेता उस लाइन को दोहराने की हिम्मत दिखाएगा?
अभिजीत दीपके ने राम मंदिर ट्रस्ट के नाम पर फैलाया भ्रम
सौरव दास का विवाद शांत भी नहीं हुआ था कि पार्टी के दूसरे बड़े नेता अभिजीत दीपके ने इससे भी बड़ी गलती कर दी। उन्होंने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा के नाम से एक वीडियो पोस्ट कर दिया। इस वीडियो में कोई दूसरा व्यक्ति सिर पर शराब का गिलास रखकर 'जमाल कुडू' गाने पर नाचता दिख रहा था।
अभिजीत दीपके ने दावा किया कि जीतेंद्र मिश्रा अपनी नई नियुक्ति का जश्न इस तरह मना रहे हैं। जब लोगों ने सच्चाई बताई, तो दीपके ने अपनी सफाई में कहा, "मुझे बाद में पता चला कि वीडियो में दिख रहा शख्स जीतेंद्र मिश्रा नहीं हैं। हालांकि, कोई इंसान अपनी निजी जिंदगी में क्या करता है, यह उसका अपना मामला है। मेरा सवाल किसी की पसंद पर नहीं, बल्कि उन लोगों के दोहरे रवैये पर था जो धर्म की दुहाई देते हैं।"
सोशल मीडिया पर भड़का गुस्सा, FIR दर्ज करने की मांग
इन दोनों घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर सीजेपी नेताओं के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोशल मीडिया यूजर्स ने पुलिस टैग करके सख्त कार्रवाई की मांग की है। एक्स यूजर मनोज सिंह ने लिखा, ''अभिजीत दीपके ने नवंबर 2025 का पुराना वीडियो चलाकर राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ को बदनाम करने की कोशिश की। फिर सफाई देने लगे। पहले झूठ फैलाकर नुकसान पहुंचा दो, फिर मुकर जाओ। इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज होना चाहिए।"
एक अन्य यूजर ने लिखा, "राजनीतिक एजेंडे के लिए भारतीय सेना और श्रीराम मंदिर की साख से खिलवाड़ करना कहां तक सही है? बिना जांचे वीडियो आगे बढ़ाने वालों पर लगाम लगनी चाहिए।" एक्स पर एक अन्य यूजर का कहना है कि, "समाज में नफरत और भ्रम फैलाने के आरोप में यूपी पुलिस को अभिजीत दीपके पर तुरंत कानूनी शिकंजा कसना चाहिए।" बिना किसी ठोस सबूत के सिर्फ पब्लिसिटी पाने की होड़ ने सीजेपी को गंभीर कानूनी और नैतिक संकट में डाल दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
