पेपर लीक की वजह से चुनाव हार जाएगी मोदी सरकार? CVoter सर्वे ने बढ़ाई BJP की टेंशन, चौंकाने वाले आंकड़े
देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं के साथ-साथ अब नरेंद्र मोदी सरकार के समर्थकों को भी नाराज कर दिया है। सीवोटर (C-Voter) के नए स्नैप पोल में चौंकाने वाली बात सामने आई है। सी-वोटर के लेटेस्ट सर्वे में मोदी सरकार के पेपर लीक से निपटने के तरीके को लेकर NDA समर्थकों के बीच असंतोष सामने आया है।
सर्वे के मुताबिक हर 5 में करीब 2 NDA वोटर सरकार के पेपर लीक के बाद किए गए काम से संतुष्ट नहीं हैं। यानी करीब 40 फीसदी NDA समर्थकों ने माना कि सरकार ने इस मुद्दे को जिस तरह संभाला, उससे वे खुश नहीं हैं।

सर्वे की दूसरी बड़ी बात युवाओं के मूड को लेकर है। PM नरेंद्र मोदी अभी भी देश में सबसे लोकप्रिय नेता के तौर पर राहुल गांधी से 12 फीसदी नंबर से आगे हैं। लेकिन सी-वोटर का कहना है कि युवाओं के बीच एंटी-इंकम्बेंसी को हल्के में नहीं लिया जा सकता है।
पेपर लीक और सीजेपी (CJP) के विरोध से हुआ नुकसान
NEET-UG (2026) पेपर लीक विवाद के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के भारी विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपना पद छोड़ना पड़ा था। इसके साथ ही सरकार ने संसद के दोनों सदनों में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 में कड़े संशोधन पास कराए और फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की।
सीवोटर के सर्वे में सामने आया कि 31.7 फीसदी लोग सख्त कानूनों को सरकार की पहली प्राथमिकता मानते थे। वहीं 27 फीसदी लोगों की राय थी कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा पहली प्राथमिकता होना चाहिए था, जबकि 17 फीसदी लोगों का मानना था कि एक्सपर्ट पैनल बनाना सबसे जरूरी था। संसद में हुई चर्चा पर 35 फीसदी लोग संतुष्ट दिखे, जबकि 39 फीसदी लोगों ने नाराजगी जताई।
पुलिस कार्रवाई और FIR वापसी पर बंटी जनता की राय
प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की CJP की मांग पर देश की राय बंटी हुई दिखी।
- 35.5% लोग: चाहते हैं कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज सभी FIR तुरंत वापस ली जाएं।
- 25% से कम: केवल शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों की FIR वापस लेने के पक्ष में हैं।
- 33% से अधिक: मानते हैं कि जांच एजेंसियों को फैसला लेने से पहले सभी FIR की पूरी पड़ताल करनी चाहिए।
हालांकि पुलिस बर्बरता के आरोपों की जांच पर भारी सहमति देखने को मिली। 62.7 फीसदी लोगों ने कहा कि पुलिस की ज्यादतियों की जांच होनी चाहिए। दिलचस्प बात यह है कि इसमें 58 फीसदी एनडीए समर्थकों ने भी जांच का समर्थन किया।
दूसरी तरफ 54.2 फीसदी लोगों ने मांग की कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले हिंसक प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई हो। इंडिया (INDIA) गठबंधन के 45 फीसदी समर्थकों ने भी इसका समर्थन किया।
मोदी vs राहुल और युवाओं की असली चुनौती
तमाम विवादों के बावजूद 'भारत के सबसे लोकप्रिय युवा नेता' के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी पर 12 प्रतिशत अंकों की बढ़त बना रखी है। लेकिन सर्वे इस बात की ओर इशारा करता है कि युवाओं में निराशा का कारण सिर्फ पेपर लीक नहीं है।
सीवोटर ने अपने निष्कर्ष में लिखा,
"कुल मिलाकर, पेपर लीक और सीजेपी के विरोध प्रदर्शनों ने एनडीए सरकार को सियासी चोट तो पहुंचाई है, लेकिन असली चुनौती यह नहीं है। असली चुनौती युवाओं की बढ़ती हुई आकांक्षाएं हैं जो सीमित मौकों की दीवार से टकराकर टूट रही हैं।"
सर्वे के मुताबिक 12 फीसदी लोगों ने CJP को युवाओं की आवाज माना और लगभग 50 फीसदी लोगों ने कहा कि वे भविष्य में भी अन्य मुद्दों पर इस आंदोलन का साथ देंगे। 38 फीसदी एनडीए समर्थकों ने भी माना कि वे भविष्य में CJP के आंदोलनों का समर्थन कर सकते हैं।
पुलिस की कथित ज्यादती पर NDA वोटर भी चाहते हैं जांच
सर्वे का शायद सबसे दिलचस्प आंकड़ा पुलिस कार्रवाई को लेकर है। 62.7 फीसदी लोगों ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित ज्यादती के आरोपों की जांच होनी चाहिए। यहां NDA समर्थकों का आंकड़ा भी खास है। सीवोटर के मुताबिक करीब 58 फीसदी NDA समर्थक भी पुलिस के खिलाफ जांच चाहते हैं।
लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि प्रदर्शनकारियों की हर हरकत को लोगों का समर्थन मिला। 54.2 फीसदी लोग चाहते हैं कि उन प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हो, जिन्होंने कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट डाला।
इंडिया ब्लॉक के समर्थकों में भी 45 फीसदी लोग ऐसे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के पक्ष में हैं। यानी जनता की राय दो हिस्सों में बंटी दिखती है। पुलिस की कथित ज्यादती की जांच भी हो और हिंसा या आपत्तिजनक व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई भी हो।
C-Voter ने कैसे किया सर्वे?
सी-वोटर ने यह स्नैप पोल 29 और 30 जुलाई को किया। इसमें देशभर के 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों से कंप्यूटर-सहायता प्राप्त टेलीफोन साक्षात्कार यानी CATI के जरिए बातचीत की गई। सर्वे में कुल 1,349 लोगों को शामिल किया गया। ये लोग देश के सभी राज्यों और सभी जिलों से लिए गए थे।
C-Voter के मुताबिक आंकड़ों को जनगणना और आखिरी ECI चुनावी नतीजों के आधार पर देश की डेमोग्राफिक प्रोफाइल के हिसाब से किया गया। यानी यह सर्वे पेपर लीक और CJP आंदोलन को लेकर लोगों की राय के साथ-साथ युवाओं के राजनीतिक मूड की भी एक तस्वीर पेश करता है।
क्या CJP को युवाओं की आवाज मानते हैं लोग?
सर्वे में 12% लोगों ने CJP को युवाओं की आवाज बताया। वहीं करीब 50 फीसदी लोगों ने कहा कि अगर CJP भविष्य में दूसरे मुद्दों पर आंदोलन करता है तो वे उसका समर्थन कर सकते हैं।
सी-वोटर के मुताबिक करीब 38 फीसदी NDA वोटर्स ने भी कहा कि वे भविष्य में CJP के आंदोलनों और दूसरे मुद्दों पर उसके साथ खड़े हो सकते हैं। पेपर लीक को CJP के समर्थन का सबसे बड़ा कारण भी माना गया। 27.6 फीसदी लोगों का मानना है कि छात्रों का पेपर लीक को लेकर गुस्से की वजह से ही सीजेपी को सपोर्ट मिला।
मोदी अभी भी राहुल गांधी से आगे, लेकिन खतरे की घंटी कहां है?
युवाओं के बीच सबसे लोकप्रिय नेता के सवाल पर PM नरेंद्र मोदी अभी भी राहुल गांधी से 12% आगे तो हैं यानी इस मोर्चे पर मोदी की बढ़त बनी हुई है। लेकिन सी-वोटर ने यह भी कहा है कि राहुल गांधी अभी मोदी से काफी पीछे हैं, लेकिन युवा नेता के तौर पर उनकी लोकप्रियता बढ़ रही है।
यानी फिलहाल तस्वीर साफ है। मोदी की लोकप्रियता मजबूत है, लेकिन पेपर लीक जैसे मुद्दे युवाओं की नाराजगी को राजनीतिक सवाल में बदल सकते हैं। CJP आंदोलन का असर कितना बड़ा होगा, यह आने वाले समय में पता चलेगा। लेकिन सी-वोटर के आंकड़े इतना जरूर बताते हैं कि पेपर लीक, रोजगार और युवाओं की उम्मीदों को नजरअंदाज करना किसी भी सरकार के लिए आसान नहीं होगा।


Click it and Unblock the Notifications
