CJP Protest: 'हमारा समय बर्बाद मत कीजिए', वायरल बयान पर CJI की सफाई, अब क्या कह दिया?
CJI Suryakant On Protest: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हुई टिप्पणी अब नए विवाद का कारण बन गई है। बुधवार को तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कही गई CJI सूर्यकांत की टिप्पणियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं।
हालांकि शुक्रवार को चीफ जस्टिस ने साफ किया कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने यह गलत रिपोर्ट किया कि उन्होंने मामले को सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया, जबकि उस समय अदालत के समक्ष कोई विधिवत याचिका दाखिल ही नहीं की गई थी।

CJI ने मीडिया रिपोर्टिंग पर जताई नाराजगी
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि मीडिया ने उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुधवार को केवल एक रिप्रेजेंटेशन का जिक्र किया गया था, न कि विधिवत दायर याचिका का। CJI ने बताया कि उन्होंने रजिस्ट्री से जानकारी ली, जहां पता चला कि मामले में कोई दस्तावेज दाखिल नहीं किया गया था। ऐसे में यह कहना गलत है कि अदालत ने याचिका सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट साइट से कहां गायब हुए अभिजीत दीपके? सोशल मीडिया पर समर्थकों से मांगी माफी! क्या कहा?
बुधवार को अदालत में क्या हुआ था?
बुधवार को वकील नरेंद्र मिश्रा ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का मामला सुप्रीम कोर्ट में मेंशन किया था। उन्होंने कहा कि छात्र नीट परीक्षा के संचालन और एनटीए में सुधार जैसे अहम मुद्दे उठा रहे हैं। इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि अदालत के पास समय नहीं है और इस मामले में उसकी कोई रुचि नहीं है। जब वीडियो दिखाने की बात कही गई तो CJI ने साफ कहा कि उनके पास वीडियो देखने का भी समय नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी टिप्पणी
सुनवाई के दौरान CJI की "अपना समय बर्बाद मत कीजिए और हमारा समय भी बर्बाद मत कीजिए" वाली टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद कई लोगों ने इसे अदालत द्वारा सुनवाई से इनकार के तौर पर पेश किया। शुक्रवार को CJI ने इसी धारणा को गलत बताते हुए कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए रिपोर्टिंग की गई, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
ये भी पढे़ं: सोनम वांगचुक और CJP के अलग हुए रास्ते,पड़ गई दरार? जिस मांग पर अड़ी कॉकरोच जनता पार्टी,उसका जिक्र तक नहीं हुआ
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ था?
20 जुलाई को पेपर लीक के विरोध में CJP के नेतृत्व में छात्रों ने संसद मार्च निकाला था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और स्थिति बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई छात्र घायल हुए। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए। घटना के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधते हुए पुलिस कार्रवाई की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।


Click it and Unblock the Notifications
