शिवराज सिंह चौहान की 'टूटी सीट' की शिकायत पर हरकत में आए उड्डयन मंत्री, एयर इंडिया के अधिकारियों से की बात
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की सेवालओं पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया था। ट्वीट में शिवराज सिंह चौहान ने सीट की खराब स्थिति को लेकर आपत्ति थी। साथ ही लिखा था कि वे अपनी सीट पर पहुंचे, तो देखा कि वह टूटी हुई थी और अंदर धंसी हुई थी, जिससे बैठना तकलीफदेह हो गया।
वहीं, अब शिवराज सिंह चौहान के इस ट्वीट पर नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने प्रतिक्रिया सामने आई है। नायडू ने कहा, 'हमने इस मुद्दे पर एयर इंडिया से तत्काल बात की और उन्हें आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हमारी तरफ से डीजीसीए भी मामले के विवरण पर तुरंत गौर करेगा। मैंने व्यक्तिगत रूप से शिवराज जी से भी बात की है।'

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया विमान में सीट की खराब स्थिति को लेकर आपत्ति जताई थी और एक्स पर लिखा था कि आज मुझे भोपाल से दिल्ली आना था, पूसा में किसान मेले का उद्घाटन, कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक और चंडीगढ़ में किसान संगठन के माननीय प्रतिनिधियों से चर्चा करनी है।
मैंने एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक AI436 में टिकिट करवाया था, मुझे सीट क्रमांक 8C आवंटित हुई। मैं जाकर सीट पर बैठा, सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी। बैठना तकलीफदायक था। जब मैंने विमानकर्मियों से पूछा कि खराब सीट थी तो आवंटित क्यों की? उन्होंने बताया कि प्रबंधन को पहले सूचित कर दिया था कि ये सीट ठीक नहीं है, इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए।
ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं। सहयात्रियों ने मुझे बहुत आग्रह किया कि मैं उनसे सीट बदल कर अच्छी सीट पर बैठ जाऊं लेकिन मैं अपने लिए किसी और मित्र को तकलीफ क्यों दूं, मैंने फैसला किया कि मैं इसी सीट पर बैठकर अपनी यात्रा पूरी करूंगा। मेरी धारणा थी कि टाटा प्रबंधन के हाथ में लेने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन ये मेरा भ्रम निकला।
मुझे बैठने में कष्ट की चिंता नहीं है लेकिन यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है। क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है? क्या आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications