कब पकड़े जाएंगे दिल्ली में चर्च को आग लगाने वाले
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। राजधानी के पूर्वी दिल्ली इलाके में सोमवार को चर्च में लगी आग के कारण समूचा ईसाई समाज सन्न है। अब उसकी यह मांग है कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस हवा में तीर चला रही थी।

जीटीबी एन्क्लेव थाना क्षेत्र में सेंट सेवस्टेन, दिलशाद गार्डन के नाम से चर्च है। दिन में यहां फादर एंथनी फ्रांसेस और गार्ड रॉबर्ट रहते हैं। रात को रॉबर्ट चर्च के गेट पर सोता है। इस चर्च में मुख्य रूप से मलयाली समाज से जुड़े ईसाई ही पूजा के लिए आते हैं।
पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन
चर्च में भीषण आग की घटना के विरोध में ईसाई समुदाय के लोगों ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आग के कारण चर्च के अंदर का हिस्सा जलकर खाक हो गया।
साजिश का हिस्सा
चर्च में लगी आग को ईसाई समाज के समाज सेवी अजय सोलोमन ने साजिश का हिस्सा बताया। चर्च में लगी आग के मद्देनजर लोगों में भारी रोष दिखा। जीटीबी एन्क्लेव थाना क्षेत्र स्थित चर्च में आग लगी थी। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। चर्च प्रशासन और स्थानीय निवासियों ने अज्ञात लोगों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया।
जानकारों ने बताया कि धुआं निकलता देख जब वे चर्च के अंदर पहुंचे तो वहां से केरोसिन और डीजल की तेज दुर्गंध आ रही थी। नाराज लोगों ने थाना का घेराव करने के बाद जीटीबी अस्पताल के सामने और फिर जीटीबी एन्क्लेव चौक पर जाम लगा दिया था। आग लगने के कारण चर्च का पूजा स्थल, ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पूरी तरह जल चुका था। आग की चपेट में पवित्र साहित्य भी आ गया। इस बीच, क्षेत्र की नगर सेविका बहन प्रीति ने भी पुलिस से मांग की है कि वह चर्च में आग लगाने वालों को पकड़े।












Click it and Unblock the Notifications