JDU नेता संजय झा ने चिराग को बताया 'जमूरा', कहा-दूसरे की धुन पर नाच रहे हैं
पटना। बिहार विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार का शोर सोमवार की शाम भले ही थम गया, लेकिन राज्य में नेताओं के बीच एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। जेडीयू पर बार-बार निशाना साधने वाले चिराग पासवान पर पलटवार किया है। सोमवार को जदयू नेता संजय कुमार झा ने लोजपा प्रमुख चिराग पासवान के फिल्मी करियर को निशाना बनाते हुए उन्हें एक जमूरा बता दिया।

जदयू नेता संजय कुमार झा ने कहा कि, चिराग पासवान की जिस तरह से फिल्म फ्लॉप हुई, उसी तरह वो भी राजनीति में फ्लॉप हो जाएंगे। उन्होंने (चिराग पासवान) कंगना के साथ अभिनय किया, अब देखें कि वह कहां पहुंची हैं। इसी तरह सुशांत ने बिना किसी पृष्ठभूमि के बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। चिराग एक 'जमूरा' हैं, जो किसी और की धुन पर नाच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो फिल्म इन्होंने की उन्हें किसने बनाया, कौन पैसा दिया। जांच हो तो सब पता चल जाएगा।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के वक्त कुछ लोग षड्यंत्र करके राजग में सेंध लगाना चाहते हैं लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंध एकजुट है लेकिन हमें सेंध लगाने वालों से भी सावधान रहना है। नड्डा ने औरंगाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ''कुछ लोग चुनाव में षड्यंत्र करते हैं, वो चाहते हैं कि हमारे बीच सेंध लगे। वे एक तरफ तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भला बुरा कहते हैं और दूसरी तरफ मोदीजी(प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) की तारीफ करते हैं।
वहीं सोमवार को पहले चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन चिराग ने जहां फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल बांधे। चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार अब कभी बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। चुनाव के बाद एलजेपी बीजेपी के साथ मिलकर राज्य में नई सरकार बनाएगी। यह बात मैं काफी समय से कहता आ रहा हूं। पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार का शोर सोमवार की शाम को थम गया। पहले चरण के लिए 71 सीटों पर 28 अक्टूबर को मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications