जिनपिंग के भारत पहुंचने से पहले लद्दाख में दाखिल हो गए चीनी सैनिक
नई दिल्ली। 18 सितंबर को चीन के राष्ट्रपति अपनी भारत यात्रा पर अहमदाबाद पहुचेंगे। जहां देश की सरकार उनकी अगवानी की तैयारियों में लगी हुई है तो वहीं उनके देश की सेना लद्दाख में घुसपैठ की हरकतों में व्यस्त है। जिनपिंग की भारत यात्रा से पहले ही चीन की सीमा पर तनाव बढ़ गया है।

500 मीटर तक दाखिल हुए चीनी सैनिक
लद्दाख के चुमार इलाके से खबर है कि यहां पर चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों को घेर लिया है। 100 भारतीय सैनिकों को 300 चीनी सैनिकों ने घेर लिया है। दोनों ही तरफ से सैनिकों की तादाद बढ़ी है।
साथ ही डेमचौक में भी दोनों के बीच तनाव जारी है। रविवार से ही घेराबंदी जारी है और दोनों तरफ की सेनाएं आमने-सामने है।
334 बार हो चुकी है घुसपैठ
गौरतलब है कि 11 सितंबर को सीमा पर तनाव बढ़ाते हुए चीनी सेना 500 मीटर अंदर भारतीय सीमा में घुस आई थी। रविवार को आई एक रिपोर्ट के अनुसार, चीनी सैनिकों ने भारतीय क्षेत्र में तंब्बू भी लगा लिए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, करीब 30 चीनी सैनिक लद्दाख के डेमचोक क्षेत्र में 500 मीटर तक अंदर घुस आए। हालांकि, इनसे निपटने के लिए क्षेत्र में इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के 70 जवानों को वहां तैनात किया गया है।
वर्ष 2014 में ही चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) 334 बार सीमा का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा में घुस आई थी। पीएलए ने हाल ही यह घुसपैठ तब की है जब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत के दौरे पर आने वाले हैं।
इस बात की उम्मीद विशेषज्ञ जता रहे हैं कि नरेंद्र मोदी हो सकता है जिनपिंग के भारत दौरे में इस मुद्दे को उनके सामने रखें। वैसे जिस समय नरेंद्र मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने ब्राजील गए थे, वहां भी उनकी मुलाकात जिनपिंग से हुई थी।
सूत्रों की मानें तो मोदी ने उस समय जिनपिंग को कड़े शब्दों में चीन की ओर से होने वाले घुसपैठ को बंद करने की बात कही थी। लेकिन ऐसा लगता है कि चीन इस सुधरने को जरा भी तैयार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications