कर्नाटक चुनाव: फर्जी वोटर आईडी मामले पर बोले निर्वाचन अधिकारी, नहीं बनाए जा सकते नये कार्ड
फर्जी वोटर मामले पर बोले निर्वाचन अधिकारी, दो गिरफ्तारियां हो चुकीं, जांच जारी
बेंगलरू। बेंगलुरू के फ्लैट से 9746 वोटर कार्ड के बंडल मिलने के मामले में कर्नाटक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने कहा है कि ये एक गंभीर मामला है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया है कि मामले में दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और मुमकिन है कि और भी लोगों को गिरफ्तार किया जाए। कुमार ने कहा कि हम मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं। संजीव कुमार ने साफ किया कि कोई हमारे सिस्टम को नहीं तोड़ सकता और फर्जी तरीके से नए वोटर आईडी कार्ड नहीं बन सकते हैं।

इससे पहले कर्नाटक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने मंगलवार रात साढ़े ग्यारह बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जांच की बात कही थी। निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने कहा है कि मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है और जांच की जा रही है।
वोटर कार्ड के बंडल मिलने के मामले में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने है। भाजपा लगातार आरोप लगा रही है कि बेंगलुरू में मिले कार्ड फर्जी हैं और इनका इस्तेमाल कांग्रेस नेता चुनाव को प्रभावित करने के लिए करने वाले थे। वहीं कांग्रेस ने कहा है कि कार्ड भाजपा की नेता के घर से मिले हैं और इससे साफ है कि भाजपा का इरादा धांधली का था। मामले को लेकर बुधवार शाम छह बजे भाजपा प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचा है। इस प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, जेपी नड्डा, मुख्तार अब्बास नकवी आनंद प्रधान और एसएस आहलूवालिया शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications