छत्तीसगढ़: सीडी कांड की जांच करेगी सीबीआई, प्रदेश कैबिनेट ने लिया फैसला
सेक्स सीडी मामले में छ्त्तीसगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया था।
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ सरकार ने सेक्स सीडी कांड की जांच सीबीआई से कराने का फैसला किया है। शनिवार को हुए छत्तीसगढ़ कैबिनेट की बैठक के बाद छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने इस बात की जानकारी दी। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के एक मंत्री राजेश मूणत से जुड़ी एक विवादित सीडी और उसी सिलसिले में एक जर्नलिस्ट विनोद वर्मा की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी सरकार व पीएम नरेंद्र मोदी पर से हमला बोला है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकारें खुद पर उठने वाले हर सवाल और सवाल पूछने वाले का मुंह बंद कराने की कोशिश में लगी रहती हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार मंत्री राजेश मूणत सीडी को फर्जी बता चुके हैं। इसी मामले में ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है।सेक्स स्कैंडल के प्रकाश में आने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर हमला तेज कर दिया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी ने नैतिकता को ताक पर रख दिया है। बेशर्मी से राजेश मूणत को बचा रही है और सवाल उठाने वालों के खिलाफ एफआईआर कराई जा रही है।बीजेपी भी इस मामले में पार्टी के नेता का बचाव कर रही है।
पत्रकार विनोद वर्मा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के पंडरी थाने में आईपीसी की धारा 384, 506 और आईटी ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। उन पर एक नेता को ब्लैकमेल करके अवैध उगाही करने का आरोप है। पुलिस को वर्मा के घर से करीब 500 सीडी मिली हैं जिन्हें जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा पुलिस ने 2 लाख रुपये कैश भी जब्त किया था। पुलिस ने एक लैपटॉप और डायरी भी अपने कब्जे में लिया था।












Click it and Unblock the Notifications