छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर अमित शाह, 'आरोप पत्र' करेंगे जारी, राहुल गांधी भी रायपुर में करेंगे संबोधित
Chhattisgarh elections 2023: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे। यह पहली बार होगा जब भाजपा और कांग्रेस के दो प्रमुख नेता राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले एक ही दिन में सार्वजनिक रैली करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आज से रहेंगे। अमित शाह कांग्रेस के खिलाफ 'आरोप पत्र' जारी करेंगे। वहीं राहुल गांधी रायपुर में युवाओं को संबोधित करेंगे।

अमित शाह रायपुर और महासमुंद जिले के सरायपाली में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं राहुल गांधी छत्तीसगढ़ की बनने वाली नई राजधानी नवा रायपुर में राजीव युवा मितान क्लब के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
अमित शाह अपने आगमन के बाद रायपुर में पार्टी के राज्य मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे। पार्टी पदाधिकारी ने कहा कि अमित शाह रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ 'आरोप पत्र' (चार्जशीट) जारी करेंगे।
इसके बाद वह आदिवासी समूहों द्वारा आयोजित 'अभिनंदन' कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सरायपाली क्षेत्र के खैरमाल गांव के लिए रवाना होंगे।
एक अधिकारी ने कहा कि इस बीच, राहुल गांधी शनिवार को दोपहर 2 बजे 'राज्योत्सव मेला स्थल' पर राज्य के खेल और युवा कल्याण विभाग के तहत गठित राजीव युवा मितान क्लब के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
इस साल फरवरी में रायपुर में कांग्रेस का पूर्ण सत्र आयोजित होने के बाद यह राहुल गांधी की चुनावी राज्य की पहली यात्रा होगी। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ में साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस का दावा है कि छत्तीसगढ़ में होने वाले इस चुनाव में भाजपा 10 से 15 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications