छत्तीसगढ़: कांग्रेस के पूर्व विधायक के भाई ने खुद को मारी गोली, मौत
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरुमुख सिंह होरा के भाई हरमिंदर सिंह होरा ने सोमवार शाम खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हरमिंदर सिंह ट्रांसपोर्ट संचालन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के एक निजी चैनल के सीएमडी भी थे। जानकारी के मुताबिक, हरमिंदर सिंह होरा 4 दिन पहले कैंसर का इलाज करवाकर सिंगापुर से लौटे थे। ये घटना राजधानी के यूनियन क्लब पार्किंग की है, जहां उन्होंने खुद को गोली मार ली।

गोली लगने के बाद लहूलुहान होकर हरमिंदर सिंंह मौके पर ही गिर पड़े थे और उनकी मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, होरा के गले पर गोली के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद बैलेस्टिक एक्पर्ट्स ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पुलिस जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने बीमारी के कारण ये कदम उठाया होगा।
पुलिस की टीम जांच में जुटी
हालांकि, अभी तक इसको लेकर पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद यूनियन क्लब में उनके परिजन पहुंचे। जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भेज दिया है। जिस वक्त पप्पू होरा यूनियन क्लब पहुंचे थे, उनके साथ ड्राइवर दिलीप मिश्रा और करीबी महेंदर सिंह भी थे।
कैंसर का इलाज करवाकर सिंगापुर से लौटे थे
पप्पू होरा ने डेढ़ साल पहले लिवर ट्रांसप्लांट भी कराया था। बताया जा रहा है कि करीब एक साल से उन्होंने अपना कारोबार रिश्तेदारों को सौंप रखा था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications