छत्तीसगढ़: गायों को कमरे में बंद भूल गए, दम घुटने से 18 ने दम तोड़ा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दम घुटने से 18 गायों की मौत हो गई। छत्तीसगढ़ के बलोदाबाजार जिले में गायों की मौत की यह घटना एक शेल्टर होम में हुई। इस शेल्टर होम का संचालन पंचायत करती है। गायों के शव 3 अगस्त को रोहासी गांव में मिले। गायों की मौत की यह खबर उस वक्त फैली जब गायों के शव शेल्टर होम से 70 किलोमीटर दूर दफनाने के लिए ले जाया जा रहे थे। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गायों को पिछले कई दिनों से कमरे में बंद किया गया था, जहां दम घुटने से उनकी मौत हो गई। इस बात की पुष्टि समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में एक वरिष्ठ अधिकारी ने की है।

जानकारी के मुताबिक, ये सभी गाय खुले में घूम रही थीं, जहां से इन्हें पकड़कर लाया गया। इसके बाद कुछ गायों को खुले में ही बांध दिया, जबकि कई गायों को कमरे में बंद कर दिया गया। जब इन गायों को लेने के लिए कोई नहीं आया तो खुले में बंधी सभी गायों को खोल दिया गया, लेकिन वे कमरे में बंद गायों को निकालना भूल गए।
गांव की पंचायत की ओर से चलाए जा रहे शेल्टर होम में कुछ ग्रामीणों को 3 अगस्त को बदबू आई। इसके बंद कमरे की ओर ध्यान गया तो पता चला कि सभी गायों की मौत हो चुकी है। इसके बाद गायों के शव ट्रैक्टर में भरकर दफनाने के लिए ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय निवासियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मेडिकल जांच के बाद गायों के शवों को दफना दिया गया।
कलेक्टर ने बताया कि सभी गाय 4 दिनों तक कमरे में बंद रहीं, जिसकी वजह से उनका दम घुट गया। छत्तीसगढ़ में लापरवाही के चलते गायों की मौत का यह पहला मामला नहीं है। पिछले साल भी राज्य सरकार द्वारा संचालित तीन शेल्टर होम में करीब 200 गायों की मौत को लेकर काफी बवाल मचा था। विपक्ष ने रमन सिंह सरकार को इस मुद्दे पर काफी घेरा था।












Click it and Unblock the Notifications