चेन्नई के डंप यार्ड में लगी आग बुझी, सरकार से पर्यावरण सुरक्षा पर नीति जारी करने की मांग
चेन्नई, 29 अप्रैल: तमिलनाडु के नगर प्रशासन, शहरी और जल आपूर्ति मंत्री केएन नेहरू ने गुरुवार को कहा कि पेरुंगुडी डंप यार्ड में लगी आग पर काबू पा लिया गया है और अगले कदम के रूप में प्रशासन आसपास रहने वाले लोगों के लिए चिकित्सा शिविर आयोजित करने वाली है। मंत्री का यह बयान पेरुंगुडी डंप यार्ड के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले परिवारों द्वारा गले में तकलीफ, सांस लेने में तकलीफ और खांसी की शिकायत के बाद आया है।

बता दें कि दो दिन पहले इस डंप यार्ड में आग लग गई थी। जिसके बाद आसपास के इलाके में धुंआ फैल गया था। हालांकि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। लेकिन आग की वजह से आसपास रहने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। आसपास रहने वाले लोगों को खांसी , आँखों में तकलीफ और सांस लेने में दिक्कत जैसे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार अब उन लोगों के लिए मेडिकल कैंप का आयोजन करने वाली है।
वहीं दूसरी ओर विपक्षी पार्टी डीएमके समेत अन्य दलों ने सरकार पर इस आग को लेकर निशाना साधा है। पट्टाली मक्कल काची के अध्यक्ष जीके मणि ने चेन्नई के बाहरी इलाके में पेरुंगुडी डंप यार्ड आग की घटना पर तमिलनाडु विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि इस साल भीषण गर्मी है इसलिए राज्य सरकार को पर्यावरण सुरक्षा पर एक नीति जारी करनी चाहिए।
वहीं डीएमके विधायक एस अरविंद्रमेश ने कहा कि, "फायर टेंडर और अधिकारी लगातार ड्यूटी पर हैं। अब आग पर काबू पा लिया गया है। दो स्काई लिफ्ट, 11 फायर टेंडर और 300 लॉरी का इस्तेमाल किया गया। आग 10 एकड़ जमीन में फैल गई थी और अब केवल धुआं है वो भी सिर्फ 1 एकड़ जमीन पर। जल्द ही इसे भी काबू कर लिया जाएगा।
तमिलनाडु के मंत्री केएन नेहरू ने कहा, "जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, आग पर काबू पाने के लिए 300 से अधिक लोगों को सेवा में लगाया गया। ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन और चेन्नई मेट्रोपॉलिटन वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड द्वारा पानी के लगभग 120 टैंकर, 12 फायर टेंडर और दो स्काई लिफ्ट का इस्तेमाल किया गया। चेन्नई के मेयर आर प्रिया और जीसीसी आयुक्त गगनदीप सिंह बेदी के साथ आए मंत्री ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि पेरुंगुडी, वेलाचेरी, मदिपक्कम और थरमनी में विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications