‘चुनाव जीता तो कम कीमत पर मिलेगी अच्छी क्वालिटी वाली शराब’, चंद्रबाबू नायडू ने वोटरों से किया वायदा
चुनाव जीतने के लिए लोकलुभावन वायदा करना आमबात है मगर आंध्र प्रदेश में एनडीए के सहयोगी दल तेलुगु देशम पार्टी के मुखिया और पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू ने ऐसा लोकलुभावन वादा किया है जिसकी चर्चा देशभर में हो रही है।
चंद्रबाबू नायडू ने कम कीमतों में अच्छी क्वालिटी वाली शराब का वायदा किया है। टीडीपी सुप्रीमो और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपनी लोकसभा सीट कुप्पम में एक हालिया रैली में यह वादा किया। आंध्रप्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं।

टीडीपी सुप्रीमो ने कुप्पम की रैली में कहा कि यह हमारे छोटे भाइयों की मांग है कि शराब की कीमत कम की जाए। उन्होंने आगे कहा, "आपको बता रहा हूं कि 40 दिनों के बाद (टीडीपी सरकार बनने के बाद), हम न केवल अच्छी क्वालिटी बल्कि कम कीमत वाली शराब भी उपलब्ध कराएंगे।"
उन्होंने राज्य में शराब पर प्रतिबंध लगाने के अपने 2019 के चुनावी वादे से पीछे हटने के लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी और उनकी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की भी आलोचना की।
टीडीपी चीफ ने चुटकी लेते हुए कहा, "शराब की दरों सहित सभी वस्तुओं की कीमतें अत्यधिक बढ़ गई हैं। जब मैं शराब का जिक्र करता हूं तो हमारे छोटे भाई खुश हो जाते हैं। वे चाहते हैं कि शराब की कीमतें कम की जाएं। यह जगन मोहन रेड्डी ही हैं जिन्होंने कीमत 60 रुपये से बढ़ा दी है। हालत ये है कि जेब में 100 रुपए है और कीमत 200 रुपए तक पहुंच गई है।"
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस की सरकार ने कथित तौर पर 2019-20 में 17,000 करोड़ रुपये के मुकाबले 2022-23 में एक्साइज रेवेन्यू के जरिए लगभग 24,000 करोड़ रुपये इकट्ठा किया। आपको बता दें कि आंध्र प्रदेश में शराब सरकार के स्वामित्व वाली दुकानों के जरिए बेची जाती है।
चंद्रबाबू नायडू ने कई मौकों पर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार पर खराब गुणवत्ता वाली शराब की आपूर्ति करने और बढ़ी हुई कीमतों से हजारों करोड़ रुपये तक का मुनाफा कमाने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications